Edited By Anu Malhotra,Updated: 19 Nov, 2026 11:32 AM

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में पुलिस ने एक 25 वर्षीय भारतीय नागरिक की पहचान की है, जिसका शव पिछले महीने लैंगली शहर में एक जलती हुई गाड़ी के भीतर बरामद हुआ था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के...
कनाडा: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में पुलिस ने एक 25 वर्षीय भारतीय नागरिक की पहचान की है, जिसका शव पिछले महीने लैंगली शहर में एक जलती हुई गाड़ी के भीतर बरामद हुआ था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या यानी 'टारगेट किलिंग' है।
मृतक युवक की पहचान सरी निवासी तुषार शर्मा के तौर पर हुई है। घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की है, जब लैंगली के रॉलिंसन क्रिसेंट इलाके में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने जब आग पर काबू पाया, तो गाड़ी के अंदर से इंसानी अवशेष बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने पूरे इलाके को घेर लिया।
मामले की जांच कर रही 'इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम' (IHIT) ने स्पष्ट किया है कि तुषार शर्मा का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं था। इसके अलावा, कनाडा में उनके जान-पहचान का दायरा भी काफी छोटा था, जिससे यह मामला और भी पेचीदा हो गया है।
IHIT की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने बताया कि फिलहाल हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है, लेकिन शुरुआती सबूत इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि तुषार को जानबूझकर निशाना बनाया गया था। पुलिस अब इस बात की कड़ियां जोड़ रही है कि कार में आग लगने से ठीक पहले क्या घटनाक्रम हुआ था, तुषार कहां-कहां गए थे और आखिरी समय में उन्होंने किन लोगों से मुलाकात की थी।
सार्जेंट फोंग के मुताबिक, जांच टीम कनाडा और भारत सहित विदेशों में रह रहे तुषार के परिजनों और दोस्तों से लगातार संपर्क में है। इसका मकसद उनकी दिनचर्या और मौत से पहले की गतिविधियों को गहराई से समझना है। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए लैंगली की स्थानीय पुलिस (RCMP), फोरेंसिक विशेषज्ञ और बीसी कोरोनर्स सर्विस की टीमें मिलकर काम कर रही हैं।