Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 Nov, 2023 10:57 AM
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कि मतदाता राजस्थान में इतिहास रचने के लिए मतदान करेंगे। उन्होंने जोधपुर में संवाददाताओं से दावा करते हुए कहा,...
जयपुर: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि कि मतदाता राजस्थान में इतिहास रचने के लिए मतदान करेंगे। उन्होंने जोधपुर में संवाददाताओं से दावा करते हुए कहा, ‘‘भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में आ रही है।
इस बार लोग कांग्रेस सरकार के पांच साल के शासन के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों और भ्रष्टाचार को ध्यान में रखते हुए वोट करेंगे।'' राज्य की 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 199 पर मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हो गया है। सुबह नौ बजे तक 9.77 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शाम छह बजे तक होगा। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
राजनीतिक दल के एजेंट की शनिवार को मौत
वहीं इस बीच राजस्थान के पाली जिले में एक राजनीतिक दल के एजेंट की शनिवार को मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंट शांति लाल की संभवत: हृदय गति रुकने के कारण मौत हुई। एक अधिकारी ने बताया कि सुमेरपुर निर्वाचन क्षेत्र में बूथ संख्या 47 पर राजनीतिक दल के एजेंट शांति लाल मतदान केंद्र पर ही गिर गये। अधिकारी ने बताया कि शांति लाल को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा, "संभवत: हृदय गति रुकने के कारण ऐसा हुआ।" राज्य की 200 विधानसभा सीट में से 199 पर मतदान शनिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। करणपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी के निधन के कारण इस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया गया है।