Edited By Rohini Oberoi,Updated: 31 May, 2026 02:59 PM

भीषण गर्मी और 'नौतपा' की मार झेल रहे मध्यप्रदेश के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और अरब सागर से आ रही ठंडी हवाओं के असर से शनिवार देर रात प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इस मौसमी बदलाव के कारण...
Madhya Pradesh Weather Update : भीषण गर्मी और 'नौतपा' की मार झेल रहे मध्यप्रदेश के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और अरब सागर से आ रही ठंडी हवाओं के असर से शनिवार देर रात प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। इस मौसमी बदलाव के कारण राज्य के लोगों को जानलेवा लू (Heatwave) से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
25 मई के बाद से उत्तरी और मध्य भारत में गर्मी का सबसे भीषण दौर माने जाने वाले नौ दिन की अवधि 'नौतपा' के दौरान लोगों को मौसम में हुए इस बदलाव से राहत मिली है। इस मौके पर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के ड्यूटी अधिकारी एच.एस. पांडे ने कहा कि सागर संभाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और अरब सागर से नमी आने के कारण मौसम में बदलाव हुआ है जिससे राज्य लू की चपेट से बाहर निकल आया है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है।

अधिकारी के अनुसार खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, सिवनी, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल और डिंडोरी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पांडे ने बताया कि मौसम में यह बदलाव शनिवार मध्यरात्रि के बाद शुरू हुआ जब भोपाल में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूट गईं और राज्य की राजधानी के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आईएमडी के अनुसार, मध्यरात्रि के बाद सीहोर जिले में सबसे अधिक 94 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई। इसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई।