Edited By Mansa Devi,Updated: 19 Jul, 2025 11:06 AM

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों हादसों की वजह ड्राइवर को नींद आना बताया जा...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों हादसों की वजह ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है।
पहला हादसा: ईको कार और अज्ञात वाहन की टक्कर
पहला हादसा बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 140 के पास हुआ। यहां एक तेज़ रफ्तार ईको कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग दिल्ली से आगरा की ओर जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया अभी जारी है।
दूसरा हादसा: यात्री बस पलटी, 30 घायल
यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 131 के पास दूसरा बड़ा हादसा हुआ। दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक यात्री बस अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का बयान: नींद बनी हादसों की वजह
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ईको कार का हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ। कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई, जिससे 6 लोगों की जान चली गई। एसएसपी के मुताबिक, बस दुर्घटना भी संभवतः ड्राइवर को नींद आने के कारण ही हुई है।