Edited By Parveen Kumar,Updated: 05 Mar, 2026 11:16 PM

भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार फाइनल में पहुंचा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बनाए जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 246 रन बनाए। वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड...
स्पोर्टस डेस्क : भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार फाइनल में पहुंचा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बनाए जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 246 रन बनाए। वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी थी।
टीम इंडिया को एक बार फिर अभिषेक शर्मा की तरफ से निराशा हाथ लगी, जो सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए थे। मगर नजरें फिर से सैमसन पर थीं, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में नाबाद 97 रन बनाकर टीम को यादगार जीत दिलाई थी, वहीं आज फिर संजू ने दमदार पारी खेलते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। आइए जानते है कौन रहे जीत के 3 हीरो
संजू सैमसन ने खेली दमदार पारी
वानखेड़े स्टेडियम की तपिश और सेमीफाइनल का भारी दबाव, लेकिन संजू सैमसन के लिए यह सिर्फ एक और दिन था अपनी क्लास दिखाने का। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ संजू सैमसन ने एक ऐसी पारी खेली, जिसने न केवल भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि आलोचकों के मुंह पर भी ताला जड़ दिया। संजू ने 42 गेंदों पर 89 रनों की बेहद धैर्यपूर्ण और आक्रामक पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इंडिया बड़े स्कोर पर पहुंच गई।
पारी की शुरुआत में ही इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) की गेंद पर संजू सैमसन (Sanju Samson) का एक आसान कैच टपकाया था। उस समय संजू सिर्फ 15 रनों पर थे। इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास बन गया। संजू ने उस जीवनदान का ऐसा फायदा उठाया कि इंग्लिश गेंदबाज लाइन-लेंथ भूल गए। मात्र 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने के बाद, संजू ने स्थिति के अनुसार खुद को ढाला और 89 रनों की बेशकीमती पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
अक्षर पटेल ने किया करिश्माई कैच
अक्षर पटेल ने टॉम बेंटन को क्लीन बोल्ड करके टीम इंडिया को चौथी सफलता दिलाई थी। इसके अलावा अक्षर पटेल ने फील्डिंग में भी ऐसा कारनामा कर दिया, जिसको फैंस सालों तक नहीं भूल पाएंगे। इस मुकाबले में जब टीम इंडिया को ब्रैकथ्रू की जरुरत थी, उस वक्त अक्षर पटेल ने ऐसा कमाल का कैच पकड़ा कि क्रिकेट लवर्स को 1983 वनडे वर्ल्ड कप के कपिल देव याद आ गए। यह कैच किसी और का नहीं बल्कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का था, जो इस टी20 वर्ल्ड कप में अद्भुत फॉर्म में हैं। अक्षर ने यह कैच पकड़कर न केवल हैरी ब्रूक को हतप्रभ कर दिया बल्कि इंग्लैंड की बल्लेबाजी को सबसे बड़ा झटका दिया और टीम इंडिया की जीत की नींव रख दी।
शिवम दुबे ने खेली उपयोगी पारी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। बल्लेबाजी में प्रमोट होकर 4 नंबर पर उतरे शिवम दुबे ने अपने होम ग्रांउड पर छक्कों की लाइन लगा दी। दुबे ने अपनी पारी में 4 सिक्स और 1 चौका लगाया। हालांकि, हार्दिक पांड्या के साथ तालमेल में कमी के कारण वह रन आउट हुए। शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली।