नीदरलैंड, ब्रिटेन से आए चार यात्री संक्रमित, नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया

Edited By Updated: 01 Dec, 2021 09:46 PM

pti state story

नयी दिल्ली, एक दिसंबर (भाषा) नीदरलैंड और ब्रिटेन से बुधवार तड़के दिल्ली आए चार यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और अब उनके नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से...

नयी दिल्ली, एक दिसंबर (भाषा) नीदरलैंड और ब्रिटेन से बुधवार तड़के दिल्ली आए चार यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और अब उनके नमूनों को जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ से संक्रमित हैं या नहीं।

सूत्रों ने बताया कि इन सभी को लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में, संक्रमितों के लिए आरक्षित वार्ड में पृथक रखा गया है।

सूत्र ने कहा, ‘‘ एम्स्टर्डम और लंदन से आने वाले चार विमान 1,013 यात्रियों के साथ रात 12 बजे से सुबह छह बजे के बीच इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। इन यात्रियों में से चार संक्रमित पाए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि तीन मरीज एम्सटर्डम से पहुंची उड़ान में सवार थे। इस विमान में कुल 372 लोग सवार थे। वहीं, चौथे मरीज ने लंदन से आने वाली उड़ान में यात्रा की जिसमें 176 अन्य लोग भी सवार थे। सूत्रों ने बताया कि ये सभी भारतीय नागरिक हैं।

एलएनजेपी अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि दो अन्य ऐसे यात्रियों को भी अस्पताल लाया गया है, जोकि जांच में तो निगेटिव पाए गए लेकिन उनमें कोविड के लक्षण हैं।

सूत्र ने कहा, ''वर्तमान में छह मरीजों को अस्पताल लाया गया है।''
केन्द्र के अनुसार, जोखिम वाले देशों की सूची में यूरोपीय देश, ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर, इज़राइल और हांगकांग शामिल हैं।

इस सूची में शामिल देशों से भारत आने वाले लोगों को मंगलवार आधी रात से अतिरिक्त नियमों का पालन करना होगा।

नए नियमों के तहत, ‘‘उच्च जोखिम वाले’’ देशों से आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य है और जांच के नतीजे आने पर ही उन्हें हवाई अड्डे से बाहर जाने दिया जाएगा।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!