‘विमानों में यात्रियों द्वारा’ छेड़छाड़, असभ्य व्यवहार और गुंडागर्दी!

Edited By Updated: 23 Apr, 2026 03:26 AM

harassment rude behaviour and hooliganism by passengers on flights

किसी समय हवाई यात्रा पूर्णतया सुरक्षित मानी जाती थी, परंतु कुछ समय से उड़ानों के दौरान नशे में धुत्त चंद यात्रियों द्वारा हंगामा, धूम्रपान, महिलाओं तथा क्रू मैम्बर्स से छेड़छाड़, असभ्य व्यवहार और मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिनके चंद उदाहरण...

किसी समय हवाई यात्रा पूर्णतया सुरक्षित मानी जाती थी, परंतु कुछ समय से उड़ानों के दौरान नशे में धुत्त चंद यात्रियों द्वारा हंगामा, धूम्रपान, महिलाओं तथा क्रू मैम्बर्स से छेड़छाड़, असभ्य व्यवहार और मारपीट की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिनके चंद उदाहरण निम्न में दर्ज हैं :
* 9 अप्रैल, 2025 को ‘एयर इंडिया’ की दिल्ली-बैंकाक फ्लाइट में एक यात्री ने महिला यात्री के साथ बदसलूकी की। एयरलाइन ने इसे ‘अनरुली बिहेवियर’ के रूप में दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी।
* 14 मई, 2025 को ‘पर्थ’ से ‘सिंगापुर’ जा रहे ‘सिंगापुर एयरलाइंस’ के विमान में एक एयर होस्टेस से छेड़छाड़ करने के आरोप में ‘रजत’ नामक एक  भारतीय यात्री को 3 महीने जेल की सजा सुनाई गई।

* 28 जून, 2025 को ‘एयर इंडिया’ की अमृतसर-दिल्ली उड़ान में नशे में धुत्त एक यात्री ने कैबिन क्रू और सह-यात्रियों के साथ गाली-गलौच तथा हाथापाई की। विमान के दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
* 29 जुलाई, 2025 को दुबई से मुम्बई आ रहे ‘स्पाइस जैट’ के विमान में ‘मुर्तजा रजाली खान’ नामक एक यात्री को विमान के शौचालय में ई-सिगरेट पीते पकड़ा गया।
* 1 अगस्त, 2025 को ‘इंडिगो’ की  मुंबई से कोलकाता जा रही फ्लाइट में एक यात्री ने अपने सह-यात्री को थप्पड़ मार दिया। यात्री को कोलकाता पहुंचने पर सुरक्षा एजैंसियों के हवाले कर दिया गया और ‘इंडिगो’ ने उस पर कुछ समय तक अपने विमानों में यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया।

* 1 अगस्त,  2025 को ही ‘इंडिगो’ की  बेंगलुरु-वाराणसी फ्लाइट में  ‘मोहम्मद अदनान’ नामक यात्री ने ‘वाराणसी’ में विमान की लैंडिंग से ठीक पहले आपातकालीन दरवाजा खोलने की कोशिश की। पकड़े जाने पर उसने दावा किया कि उस पर ‘भूत’ का साया है।
* 1 सितम्बर, 2025 को ‘इंडिगो’ की दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में एक यात्री ने शराब के नशे में कैबिन क्रू के साथ बदसलूकी की और अन्य यात्रियों को परेशान किया। वह सिगरेट पीने के लिए ‘विमान से बाहर’ जाने की जिद कर रहा था और बाद में धार्मिक नारे लगाने लगा।
* 16 दिसम्बर, 2025 को हैदराबाद के ‘राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे’ पर 2 अलग-अलग घटनाओं में यात्रियों को विमान में महिला सह-यात्रियों के यौन उत्पीडऩ के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
* 14 फरवरी, 2026 को ‘इंडिगो’ की हनोई-कोलकाता फ्लाइट में एक महिला सह-यात्री से छेड़छाड़ के आरोप में  ‘मोहम्मद अब्दुर रहमान’ नामक व्यक्ति को कोलकाता हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।

* 7 मार्च, 2026 को दिल्ली से गोवा जा रहे ‘अकासा एयर’ के एक विमान के शौचालय में एक यात्री को बीड़ी पीने के आरोप में पकड़ा गया। अधिकारियों ने उसके पास से एक लाइटर भी बरामद किया। 
* 17 मार्च, 2026 को ‘सिंगापुर एयरलाइंस’ की ‘बैंकाक’ से ‘सिंगापुर’ जा रही फ्लाइट के दौरान ‘आकाश तिवारी’ नामक यात्री को एक एयर होस्टैस से छेड़छाड़ और बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 
* 17 अप्रैल, 2026 को सिंगापुर से पर्थ जा रही ‘स्कूट एयरलाइंस’ की फ्लाइट में ‘सुधीर कुमार’ नामक एक यात्री को महिला सह-यात्री के यौन उत्पीडऩ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि ‘सुधीर कुमार’ ने महिला सहयात्री से गैर सहमति वाली हरकतें कीं तथा पीड़िता द्वारा शिकायत करने पर उसे दूसरी सीट पर शिफ्ट किया गया।

उक्त घटनाओं से स्पष्टï है कि आजकल विमान यात्राएं भी उत्पाती लोगों की शरारतों का शिकार होती जा रही हैं जिससे यात्रियों ही नहीं, बल्कि चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती दिखाई देने लगी है। विमानन कंपनियों तथा उनके प्रबंधकों को ऐसे उत्पाती यात्रियों को यात्रा के लिए प्रतिबंधित करने के साथ-साथ इनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की जरूरत है।—विजय कुमार

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!