Edited By Pardeep,Updated: 27 Sep, 2026 11:12 PM

कोलकाता स्थित केंद्र सरकार द्वारा संचालित 'सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान' (SRFTI) परिसर में रविवार को एक दक्षिणपंथी उपभोक्ता संगठन के कार्यक्रम के दौरान छात्रों और संगठन के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कई छात्रों और...
कोलकाता: कोलकाता स्थित केंद्र सरकार द्वारा संचालित 'सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान' (SRFTI) परिसर में रविवार को एक दक्षिणपंथी उपभोक्ता संगठन के कार्यक्रम के दौरान छात्रों और संगठन के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कई छात्रों और प्रोफेसरों के घायल होने तथा मारपीट की खबर है। परिसर में उपजे तनाव को देखते हुए बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
भड़काऊ भाषण और बदसलूकी का आरोप
छात्रों का आरोप है कि 'अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत' (ABGP) की ओर से संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने बेहद भड़काऊ भाषण दिए। जब छात्रों ने इसका विरोध किया, तो संगठन के सदस्यों ने उनकी पिटाई कर दी। छात्रों के प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि संगठन के सदस्यों ने उन्हें 'राष्ट्र विरोधी', 'अर्बन नक्सल' और 'आतंकवादी' जैसे अपमानजनक शब्द कहे तथा छात्राओं के साथ बदसलूकी भी की गई।
पोस्टर फाड़ने और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का दावा
वहीं दूसरी ओर, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (ABGP) के सदस्यों ने छात्रों पर ही हमला करने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि छात्रों ने कार्यक्रम के पोस्टर फाड़ दिए, कार्यक्रम में बाधा डाली और उन पर हमला किया। संगठन के एक सदस्य ने दावा किया कि हंगामे के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया और घटना के बाद 4 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
गेट बंद कर नारेबाजी, स्थिति नियंत्रण में
घटना के बाद परिसर में तनाव फैल गया और छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट बंद कर दिए, जबकि पुलिस बल बाहर तैनात रहा। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी की गई। SRFTI प्रशासन के अधिकारी ने बताया कि पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है और अब माहौल नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छात्रों सहित किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
1995 में हुई थी संस्थान की स्थापना
उल्लेखनीय है कि महान फिल्मकार सत्यजीत रे के नाम पर स्थापित SRFTI भारत सरकार द्वारा संचालित देश का दूसरा राष्ट्रीय फिल्म शिक्षा केंद्र है, जिसकी स्थापना वर्ष 1995 में की गई थी।