‘सस्ते सोने-चांदी के झांसे में ’लुटे जा रहे लोग!

Edited By Updated: 13 May, 2026 03:52 AM

people are being looted under the guise of cheap gold and silver

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के मूल्यों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीयों में इन दोनों मूल्यवान धातुओं के प्रति मोह में कोई कमी नहीं आई और निवेश तथा बचत के लिए ये दोनों ही धातुएं भारतीयों की पहली पसंद बनी हुई हैं। इसी का परिणाम है कि सस्ते...

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के मूल्यों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीयों में इन दोनों मूल्यवान धातुओं के प्रति मोह में कोई कमी नहीं आई और निवेश तथा बचत के लिए ये दोनों ही धातुएं भारतीयों की पहली पसंद बनी हुई हैं। इसी का परिणाम है कि सस्ते सोने और चांदी के झांसे में आकर लोग लुटे भी जा रहे हैं जो पिछले लगभग डेढ़ महीनों में सामने आई ठगी की निम्न घटनाओं से स्पष्ट है :

* 20 मार्च को ‘सरगुजा’ (छत्तीसगढ़) की पुलिस ने नकली सोने के बिस्कुट देकर 15 लाख रुपयों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया और 2 महिलाओं सहित इसके 4 सदस्यों को गिरफ्तार करके उनके पास से 20.31 लाख रुपए नकद, 100 ग्राम सोने के कड़े तथा मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 37 लाख रुपए का सामान बरामद किया।
* 22 मार्च को ‘चमोली’ (उत्तराखंड) की पुलिस ने सोने के गहने  गिरवी रख कर लोगों को पैसे उधार देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग अपने गहने वापस लेने के लिए आने वालों को उनके असली गहनों की बजाय उन्हें उसी तरह के नकली गहने थमा देते थे। 

* 1 अप्रैल को ‘राजनगर’ (मध्य प्रदेश) की पुलिस ने नकली सोने के सिक्के देकर लाखों रुपए ठगने वाले 4 लोगों को पकड़ कर इनके पास से 5 लाख 5 हजार रुपए नकद और नकली सोने के 66 सिक्के जब्त किए।
* 16 अप्रैल को ‘गुरुग्राम’ (हरियाणा) की पुलिस ने एक शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया और इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से 2.30 करोड़ रुपए नकद और 678 ग्राम सोना भी बरामद किया। 
इस गिरोह के सदस्य खुद को गरीब मजदूर बताकर सोना खरीदने के इच्छुक लोगों से कहते कि खुदाई के दौरान उन्हें कुछ पुराने सिक्के मिले हैं। ये लोग कम कीमत पर उन्हें सोना देने का लालच देकर सौदा तय कर लेते परंतु डील के समय वे असली सोने की जगह पीतल या तांबे पर सोने का पानी चढ़े नकली सिक्के पकड़ा कर फरार हो जाते थे। इस गिरोह ने गुरुग्राम के एक इंपोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबारी को भी अपना शिकार बनाया। आरोपी ने पहले असली सोने की ईंट दिखाकर भरोसा जीता और फिर नकली सोने की ईंट देकर लगभग 2.49 करोड़ रुपए नकद और लगभग 50 तोला सोना ठग लिया। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

* 2 मई को ‘गौरेला पेंड्रा मरवाही’ (छत्तीसगढ़) जिले के ‘गौरेला’ इलाके में नकली सोना देकर लाखों रुपयों की ठगी करने वाले गिरोह के फरार चल रहे सदस्य ‘तेरसा राम प्रजापति’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके सदस्यों ‘नरेंद्र साहू’, ‘सरोज साहू’ व अन्यों ने ‘उपेंद्र’ साहू नामक व्यक्ति को पहले असली सोने के बिस्कुट दिखा कर विश्वास में लिया और एक किलो सोना 10 लाख रुपए में देने का सौदा तय किया तथा बाद में शिकायतकत्र्ता से नकद रकम लेने के बाद उसे नकली सोने के बिस्कुट देकर फरार हो गए थे। 
* 5 मई को ‘जयपुर’ (राजस्थान) में ‘मालपुरा गेट थाना पुलिस’ ने नकली सोना और चांदी तैयार कर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंंडाफोड़ किया और 2 आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके पास से ठगी की रकम में से 4.50 लाख रुपए नकद, नकली सोना-चांदी बनाने के उपकरण तथा फर्जी ‘सील-मोहर’ बरामद की।

* 5 मई को ही ‘नालंदा’ (बिहार) के ‘शिवदत्त बिगहा’ नामक गांव में एक नौसरबाज एक महिला को अपने विश्वास में लेकर उसके पास 3 लाख रुपए में सोने की बता कर नकली चेन गिरवी रख कर फरार हो गया। पता चलने पर महिला तथा उसके परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की परंतु वह हाथ न आया। उक्त उदाहरणों से स्पष्टï है कि सस्ते सोने-चांदी का झांसा देकर ठगी-ठोरी के इस धंधे में अब पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल हो गई हैं और ये गिरोह लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसा कर उनका भरोसा प्राप्त करके लोगों को लूट रहे हैं। अत: सस्ते के फेर में फंस कर अपनी जीवन भर की बचत लुटने से बचाने के लिए अत्यंत सावधानी  बरतने की आवश्यकता है।-विजय  कुमार

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!