आक्रोश की सीमा नहीं, जवाबदेही शून्य

Edited By Updated: 25 Nov, 2026 03:11 AM

there is no limit to anger zero accountability

भारत ने आक्रोश व्यक्त करने की कला में महारत हासिल कर ली है। कोई छोटी-सी टिप्पणी हो, किस्सा हो या राजनीतिक कटाक्ष, देश में नैतिकता की दुहाई देने का अभियान शुरू हो जाता है।

भारत ने आक्रोश व्यक्त करने की कला में महारत हासिल कर ली है। कोई छोटी-सी टिप्पणी हो, किस्सा हो या राजनीतिक कटाक्ष, देश में नैतिकता की दुहाई देने का अभियान शुरू हो जाता है। टी.वी. चैनलों पर हंगामा मच जाता है, ट्रोलर अपनी तलवारें तेज कर लेते हैं, प्रवक्ता शालीनता की सीमाएं लांघ जाते हैं और सोशल मीडिया रणक्षेत्र बन जाता है। लेकिन जब हमारे भविष्य को निर्धारित करने वाले सवाल सामने आते हैं-रोजगार, वेतन, आॢथक अवसर, सुशासन और वादों को पूरा करने की बात-तो हम उदासीनता दिखाते हैं। 

आक्रोश के इस गणराज्य में राजनीतिक नाटक मुख्य व्यंजन है और जवाबदेही हमेशा के लिए मेन्यू से गायब। अफसोस, राजनीतिक विमर्श रसातल की ओर दौड़ लगा रहा है। दोनों पक्ष विरोधियों को प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि ऐसे दुश्मन मानते हैं, जिन्हें बदनाम करना जरूरी है। नतीजा यह है कि सार्वजनिक बहस में सबसे तीखा अपमान विवेकपूर्ण तर्क से कहीं ज्यादा दूर तक पहुंचता है। 

राहुल गांधी द्वारा अपनी मां सोनिया गांधी के संस्मरण विमोचन के अवसर पर पिता राजीव गांधी की गोद में बैठने के प्रसंग को स्नेहपूर्वक याद करने से पैदा हुआ विवाद इसका उदाहरण है। ‘गोदी’ शब्द को लेकर तूफान खड़ा हो गया और भाजपा तथा ट्रोल एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दोहरे अर्थों और भद्दे कटाक्षों पर उतर आए लेकिन जब आलोचना यौन संकेतों और अश्लील व्यक्तिगत हमलों में बदल जाती है, तो यह निशाने पर लिए गए व्यक्ति से ज्यादा हमारे सार्वजनिक विमर्श के स्तर को उजागर करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में फिक्की के कार्यक्रम में कर रियायतों और प्रोत्साहनों के बावजूद रोजगार पैदा करने तथा वेतन बढ़ाने में पर्याप्त योगदान न देने को लेकर कॉरपोरेट जगत को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा, ‘‘हमने टैक्स 30 प्रतिशत से घटा कर 22 प्रतिशत कर दिया... लेकिन आपकी भूख इतनी है कि कितना भी खिलाओ, पेट नहीं भरता।’’

यदि रोजगार और वेतन वृद्धि राष्ट्रीय प्राथमिकताएं हैं, तो इसके लिए उद्योगपतियों को केवल कड़ी फटकार लगाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए निरंतर नीतिगत प्रयास, कौशल विकास में निवेश, विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार और अर्थव्यवस्था वास्तव में क्या हासिल कर रही है, इसका पारदर्शी मूल्यांकन जरूरी है। उद्योगपतियों की क्लास लेना रोजगार सृजन का हिसाब-किताब करने का विकल्प नहीं हो सकता। कॉरपोरेट सफलता का आकलन केवल बैलेंस शीट, शेयर बाजार के मूल्यांकन और शेयरधारकों के मुनाफे से नहीं होना चाहिए। यह भी देखा जाना चाहिए कि कितनी गुणवत्तापूर्ण नौकरियां पैदा हुईं, श्रमिकों की आय कितनी बढ़ी और अगली पीढ़ी के लिए कितने अवसर खुले।जाहिर है, राहुल गांधी ने मोदी की टिप्पणियों को लपक लिया और इसे प्रधानमंत्री के इस स्वीकारोक्ति के रूप में पेश किया कि रोजगार तथा अर्थव्यवस्था पर विपक्ष जो कहता रहा है, वह सही है। 

अब तेलंगाना की दिलचस्प विडंबना देखिए। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस सरकार को घेर रही है, वहीं उसकी अपनी राज्य सरकार गुटबाजी से जूझ रही है। मुख्यमंत्री और विधायकों के बीच नेतृत्व, धन और विकास कार्यों को लेकर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। इस स्थिति ने पार्टी को शॄमदगी में डाल दिया है और रेड्डी ने अपने पार्टी नेताओं को ‘पागल कुत्तों द्वारा काटे गए’ तक कह दिया। लेकिन भाजपा को जश्न मनाने से पहले अपने घर की स्थिति भी देखनी चाहिए। पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के कुछ ही महीनों बाद पार्टी के पुराने कार्यकत्र्ताओं और तृणमूल कांग्रेस से आए नेताओं के बीच तनाव सामने आने लगा है। वसूली के आरोप और आंतरिक झड़पें भी इसकी संगत बन गई हैं। ओडिशा में सत्ता के अलग-अलग केंद्रों और गुटीय समीकरणों ने राज्य भाजपा के भीतर तनाव उजागर किया है।

उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकत्र्ताओं की शिकायत है कि नेतृत्व के कुछ हिस्सों और राज्य प्रशासन द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। हालांकि, सबसे बड़ा घोटाला यह है कि राजनेता नागरिकों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहते हैं। हम उनकी सुख-सुविधाओं के लिए भारी कीमत चुकाते हैं और हर मोड़ पर करों का भुगतान करते हैं, बदले में हमें क्या मिलता है? जर्जर सड़कें, बारिश में बाधा दौड़ बन जाने वाले गड्ढे, दमघोंटू प्रदूषण, भीड़भाड़ वाले अस्पताल, अपर्याप्त स्वास्थ्य सेवाएं, असुरक्षित सड़कें, कूड़े से भरे मोहल्ले और ऐसी नागरिक सुविधाएं, जिनका कहीं अता-पता नहीं। 

सबसे अहम सवाल है-जवाबदेही कहां है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? जब कोई इमारत ढह जाती है तो मालिक गिरफ्तार कर लिया जाता है। लेकिन उन नगर अधिकारियों का क्या, जिन्होंने अवैध नक्शे मंजूर किए? उन निरीक्षकों का क्या, जिन्होंने उल्लंघनों को नजरअंदाज किया? उन इंजीनियरों का क्या, जिन्होंने असुरक्षित इमारतों को प्रमाणित किया? और उन अधिकारियों का क्या, जिन्होंने रिश्वत लेकर आंखें मूंद लीं? जिम्मेदारी की शृंखला केवल मालिक तक ही क्यों सीमित रह जाती है? कोई भ्रष्ट बिल्डर व्यवस्था की मिलीभगत के बिना काम नहीं कर सकता। किसी नेता की टिप्पणी कई दिनों तक प्राइम टाइम पर छाई रह सकती है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी या सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर चर्चा को दर्शक जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। नागरिकों की चिंताएं राजनीतिक जुमलों में सिमट जाती हैं, चुनाव के दौरान उनका इस्तेमाल होता है और सत्ता का कामकाज शुरू होते ही उन्हें भुला दिया जाता है। समय आ गया है कि हमारी राजनीति आक्रोश और जवाबदेही के बीच का अंतर फिर से समझे। देश अब आक्रोश से तंग आ चुका है। आज सबसे बड़ी कमी आक्रोश की नहीं, बल्कि जवाबदेही की है।-पूनम आई. कौशिश
 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!