Edited By Pardeep,Updated: 03 Oct, 2026 12:02 AM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'नमो सेवा अनकही कहानियां' नाट्य शृंखला के मंचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि जब देश में गरीबों के जनधन खाते खोले जा...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'नमो सेवा अनकही कहानियां' नाट्य शृंखला के मंचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। सीएम योगी ने कहा कि जब देश में गरीबों के जनधन खाते खोले जा रहे थे, तब विपक्ष खिल्ली उड़ाता था कि खाली खाते खोलकर क्या हासिल होगा। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का पैसा लूटने वालों की जेबें खाली करवा दी हैं और गरीब का पैसा सीधे उनके बैंक खातों तक पहुंचाया है।
'बिना रुके, डिगे और झुके जनसेवा के 25 वर्ष'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बिना रुके, बिना डिगे और बिना झुके सेवा की एक ऐतिहासिक यात्रा है। 7 अक्टूबर 2001 को जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात की कमान संभाली थी, तब राज्य भीषण भूकंप की त्रासदी और बाद में दंगों की चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन इसके बावजूद गुजरात तेजी से उभरते राज्य और विकास के मॉडल के रूप में सामने आया।
यूपीए के 10 वर्षों के शासन पर साधा निशाना
वर्ष 2004 से 2014 के बीच रही कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौरान भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता के कारण देश में अविश्वास का माहौल था। वर्ष 2014 में देश की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया, जिसके बाद किसी भी जाति, मत, मजहब या क्षेत्र के बजाय 140 करोड़ भारतीयों को केंद्र में रखकर बिना किसी भेदभाव के योजनाएं आगे बढ़ाई गईं। आज गरीबों तक आवास, रसोई गैस, शौचालय, मुफ्त राशन और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं सीधे पहुंच रही हैं।
'हवाई चप्पल वाला भी कर रहा हवाई यात्रा'
सीएम योगी ने कहा कि देश में आज युवाओं के लिए नए रोजगार और स्टार्टअप्स के अवसर बने हैं, वहीं हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो और एयरपोर्ट्स का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले कोई प्रधानमंत्री यह दावा नहीं कर पाया था, लेकिन पीएम मोदी ने यह करके दिखाया कि हवाई चप्पल पहनने वाला आम नागरिक भी आज हवाई जहाज की यात्रा कर रहा है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन हर भारतीय के लिए प्रेरणा का दिन होना चाहिए, जो 2047 तक 'आत्मनिर्भर और विकसित भारत' के संकल्प से जुड़ा है।
पूरे प्रदेश में किया जाएगा नाटक का मंचन
लोकभवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने वर्ष 2001 के गुजरात भूकंप की तबाही, कच्छ के पुनर्निर्माण और नरेंद्र मोदी की जनसेवा यात्रा को मंच पर जीवंत किया। मुख्यमंत्री योगी ने इस प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे पूरे उत्तर प्रदेश में अवधी, भोजपुरी, ब्रज और बुंदेलखंडी जैसी स्थानीय बोलियों व लोकगीतों के साथ प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। इस अवसर पर अवधेश द्विवेदी, आनंद द्विवेदी, विजय मौर्य, मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, पवन सिंह चौहान और राज्य सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।