Mutual Fund: इक्विटी म्यूचुअल फंड निवेशकों ने खूब लगाए पैसे, फरवरी में 25,978 करोड़ का निवेश

Edited By Updated: 10 Mar, 2026 02:43 PM

equity mutual fund investors invested heavily investing rs 25 978 crore

इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में फरवरी के दौरान शुद्ध निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपए हो गया। उद्योग संगठन एम्फी ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इस निवेश के साथ ही म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम)...

नई दिल्लीः इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में फरवरी के दौरान शुद्ध निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपए हो गया। उद्योग संगठन एम्फी ने मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इस निवेश के साथ ही म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) फरवरी महीने में बढ़कर 82 लाख करोड़ रुपए हो गईं। जनवरी में इसका एयूएम 81 लाख करोड़ रुपए था। 'एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया' (एम्फी) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी वेंकट एन चलसानी ने कहा कि इक्विटी योजनाओं में सकारात्मक प्रवाह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति बनने के कारण बढ़े निवेशक भरोसे का नतीजा हो सकता है। 

उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया के बढ़ते संघर्ष के कारण इस महीने म्यूचुअल फंड बाजार में कुछ अस्थिरता देखी जा सकती है लेकिन भारत की दीर्घकालिक वृद्धि की कहानी मजबूत बनी रहेगी। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी में इक्विटी योजनाओं में 24,028 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश हुआ था, जो फरवरी में बढ़कर 25,978 करोड़ रुपए हो गया। इक्विटी श्रेणी में फ्लेक्सी कैप फंड में सबसे अधिक 6,924.65 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया। इसके बाद मिडकैप फंड में 4,003 करोड़ रुपए और स्मॉलकैप फंड में 3,881 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। क्षेत्रीय एवं विषयगत फंड में 2,987 करोड़ रुपए और लार्जकैप फंड में 2,112 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। 

हालांकि कर-बचत वाली ईएलएसएस योजनाओं से 650 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी हुई। कुल मिलाकर, म्यूचुअल फंड उद्योग में फरवरी के दौरान 94,530 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश आया, जो जनवरी में दर्ज 1.56 लाख करोड़ रुपए से कम है। इस बीच, गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में फरवरी के दौरान 5,255 करोड़ रुपए का निवेश आया, जबकि जनवरी में यह 24,040 करोड़ रुपए और दिसंबर में 11,647 करोड़ रुपए था। ऋण-आधारित डेट म्यूचुअल फंड योजनाओं में भी पिछले महीने 42,106 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया, जो जनवरी के 74,827 करोड़ रुपए से कम है।
 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!