Edited By Pardeep,Updated: 30 Apr, 2026 12:56 AM

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में एक कुक्कुट फार्म संचालक ने शादी समारोह में डीजे के तेज शोर से अपनी 140 मुर्गियों की मौत होने का दावा करते हुए इस संबंध में मामला दर्ज कराया है।
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में एक कुक्कुट फार्म संचालक ने शादी समारोह में डीजे के तेज शोर से अपनी 140 मुर्गियों की मौत होने का दावा करते हुए इस संबंध में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बुधवार को बताया कि बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी कुक्कुट फार्म संचालक साबिर ने आरोप लगाया है कि 25 अप्रैल की रात बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की बारात जब उसके फार्म के पास से गुजरी, तो उसमें बज रहे डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण फार्म में पाली जा रही 140 मुर्गियों की मौत हो गई। साबिर का आरोप है कि डीजे का शोर इतना अधिक था कि मुर्गियां दहशत में आ गईं, जिससे उनकी जान चली गई।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने साबिर की तहरीर पर डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मंगलवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि क्या डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक शोर कर रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक तेज ध्वनि तरंगों से पक्षियों और जानवरों में घबराहट या हृदयाघात की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो इस मामले में मुर्गियों की मौत का संभावित कारण हो सकता है।