सड़क हादसे में 12 मजदूरों की मौत, हाइवे पर मची चीख पुकार

Edited By Updated: 30 Apr, 2026 12:35 AM

12 laborers die in dhar madhya pradesh

मध्य प्रदेश के धार में सड़क हादसे में 12 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मजदूरों से भरा पिकअप वाहन असंतुलित होकर रोड के दूसरी साइड पर पहुंच गया। इसी बीच सामने आ रही स्कॉर्पियो कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश के धार जिले में बुधवार रात मजदूरों को ले जा रहा एक पिकअप वाहन पलटकर एक एसयूवी से टकरा गया, जिससे 12 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह हादसा रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच चिकल्या फाटा के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धार जिले के बग्गड़ क्षेत्र से करीब 35 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन पलट गया और सामने से आ रही एक एसयूवी से टकरा गया।

धार के प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया, ''12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए।'' उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। तिरला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

मोदी ने 'एक्स' पर कहा, '' मध्यप्रदेश के धार में हुए हादसे में लोगों की मौत से अत्यंत दुख हुआ है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने 'एक्स' पर कहा, ''धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकल्या फाटा के पास हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुखद है।'' यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ''ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर संभागायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को धार भेजा गया है, ताकि घायलों के उपचार की व्यवस्था की निगरानी की जा सके। सभी घायलों का इलाज नि:शुल्क कराया जाएगा। धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी हादसे पर दुख जताते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!