Edited By jyoti choudhary,Updated: 21 May, 2026 05:52 PM

स्वदेशी मोबाइल फोन विनिर्माता कंपनी लावा इंटरनेशनल अगले पांच साल में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण के क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए 1,100 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी
नई दिल्लीः स्वदेशी मोबाइल फोन विनिर्माता कंपनी लावा इंटरनेशनल अगले पांच साल में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण के क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए 1,100 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। लावा के कार्यकारी निदेशक और मुख्य विनिर्माण अधिकारी संजीव अग्रवाल ने कहा कि कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण के क्षेत्र में अपने विस्तार के तहत एक मोबाइल चार्जर संयंत्र स्थापित किया है।
उन्होंने कहा, ''हमारे पास चार करोड़ मोबाइल फोन बनाने की क्षमता है। हमने मूल्यवर्धन के लिए सभी महत्वपूर्ण उपकरणों का उत्पादन स्वयं करने का निर्णय लिया है। अगले पांच साल में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के विविधीकरण में 1,100 करोड़ रुपए का निवेश करने की हमारी योजना है।'' अग्रवाल के अनुसार, अपने विविधीकरण के तहत, लावा ने मुख्य रूप से स्थानीय रूप से प्राप्त उपकरणों से विनिर्मित भारत में डिजाइन किए गए मोबाइल चार्जर का उत्पादन शुरू कर दिया है।
अग्रवाल ने कहा, ''हमारे कारखाने में उत्पादित होने वाले चार्जर की लागत पहले उपयोग किए जाने वाले चार्जर की तुलना में 20 प्रतिशत कम है।'' उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी विविधीकरण योजना के तहत कैमरा मॉड्यूल, डिस्प्ले मॉड्यूल, एनक्लोजर और मल्टी-लेयर्ड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का उत्पादन शुरू करने की योजना बना रही है। लावा इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक सुनील रैना ने कहा कि कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण योजना के तहत सरकार की मंजूरी के लिए अपना विनिर्माण प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।