अडानी समूह महाराष्ट्र में ₹2.6 लाख करोड़ की परियोजनाओं पर कर रहा काम: प्रणव अडानी

Edited By Updated: 02 Oct, 2026 04:23 PM

adani group working on projects worth 2 6 lakh crore in maharashtra

अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडानी ने कहा है कि अडानी समूह महाराष्ट्र में 2.6 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं को पूरा कर चुका है या उन पर काम जारी है। समूह ने राज्य में कुल मिलाकर ऊर्जा, विमानन, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोयला

मुंबईः अडानी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अडानी ने कहा है कि अडानी समूह महाराष्ट्र में 2.6 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं को पूरा कर चुका है या उन पर काम जारी है। समूह ने राज्य में कुल मिलाकर ऊर्जा, विमानन, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोयला गैसीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में छह लाख करोड़ रुपए से अधिक की निवेश प्रतिबद्धता जताई है। 

राज्य की निवेश संवर्धन इकाई 'इन्वेस्ट महाराष्ट्र' की शुरुआत के अवसर पर अडानी ने बृहस्पतिवार को कहा कि समूह का निवेश खाका दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यू.ई.एफ.) में की गई प्रतिबद्धताओं और महाराष्ट्र सरकार के साथ साझेदारी के जरिये तैयार किया गया था। उन्होंने कहा, ''दावोस में विश्व आर्थिक मंच और राज्य के साथ साझेदारी के माध्यम से अडानी समूह ने ऊर्जा, विमानन तथा एयरो-डिस्ट्रिक्ट्स, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोयला गैसीकरण जैसे महत्वपूर्ण और उभरते क्षेत्रों में छह लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इनमें से 2.6 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं या उन पर काम चल रहा है।'' 

अडानी ने कहा कि ये निवेश ऐसे समय में हो रहे हैं जब महाराष्ट्र 2030 तक 1,000 अरब (एक ट्रिलियन) डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, जिसमें मुंबई महानगर क्षेत्र (एम.एम.आर.) के केंद्रीय भूमिका निभाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, '''महाराष्ट्र के साथ हमारी साझेदारी कई दशकों पुरानी है लेकिन हाल में की गई हमारी प्रतिबद्धताएं इसके स्वरूप, विस्तार और दृढ़ता के लिहाज से एक नई ऊंचाई को दर्शाती हैं। यह ऐसे समय में हुआ है जब राज्य का 2030 तक एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है और इस लक्ष्य को हासिल करने में मुंबई महानगर क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।'' 

अडानी ने कहा कि समूह के नियोजित निवेश ऊर्जा, विमानन और एयरो-डिस्ट्रिक्ट्स, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोयला गैसीकरण के दायरे में फैले हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में समूह के हवाईअड्डा और बिजली कारोबार का जिक्र भी किया, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का प्रबंधन और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई हवाईअड्डे से आगे चलकर सालाना नौ करोड़ से अधिक यात्रियों के आवागमन संभालने की उम्मीद है। 

अडानी कहा कि अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड के माध्यम से समूह मुंबई में 30 लाख से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली की आपूर्ति करता है, जिसमें उसकी 60 प्रतिशत से अधिक बिजली आपूर्ति नवीकरणीय ऊर्जा से हासिल की जाती है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!