Edited By Niyati Bhandari,Updated: 23 Sep, 2026 11:44 AM

मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामेश्वर शर्मा की गरबा उत्सवों में मुसलमानों के प्रवेश को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों ने शर्मा की टिप्पणी की आलोचना की है।
भोपाल (एजैंसी): मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामेश्वर शर्मा की गरबा उत्सवों में मुसलमानों के प्रवेश को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों ने शर्मा की टिप्पणी की आलोचना की है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक शर्मा ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “मुस्लिम युवक गरबा में अकेले क्यों आते हैं? उन्हें अपनी बहन-बेटियों को भी साथ लाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम गरबा में शामिल होना चाहते हैं तो वे आ सकते हैं और इसके लिए उन्हें गरबा में ‘जय श्री राम’ का नारा तथा माथे पर तिलक लगाना होगा। शर्मा ने कहा, “इससे किसी को परेशानी नहीं होगी। अकेले लड़के ही क्यों आना चाहते हैं। घर से अपनी बहन-बेटियों को भी लेकर आएं।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरिफ मसूद ने शर्मा की टिप्पणी को ‘बेहद आपत्तिजनक’ बताते हुए उनसे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
मसूद ने कहा, “पहली बात तो गरबे से मुसलमानों का ताल्लुक नहीं है। न ही उनका कोई लेना-देना है। दूसरी बात, जिस भाषा का प्रयोग रामेश्वर शर्मा कर रहे हैं, मैं उनसे कहूंगा कि सुधर जाएं। बदतमीजी मत करें। अति हो रही है।”
उन्होंने शर्मा पर सांप्रदायिक उन्माद फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा विधायक अक्सर नफरत की बात करते हैं।