Edited By Sarita Thapa,Updated: 27 Sep, 2026 03:11 PM

पितृ पक्ष का समय अपने पूर्वजों को याद करने और उनके प्रति सम्मान जताने का सबसे पवित्र समय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन 16 दिनों में पितरों की आत्माएं पृथ्वी पर आती हैं और अपने परिजनों के आसपास ही रहती हैं।
Pitru Paksha 2026 : पितृ पक्ष का समय अपने पूर्वजों को याद करने और उनके प्रति सम्मान जताने का सबसे पवित्र समय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन 16 दिनों में पितरों की आत्माएं पृथ्वी पर आती हैं और अपने परिजनों के आसपास ही रहती हैं। अक्सर इस दौरान कई लोगों को सपने में अपने दिवंगत पूर्वज दिखाई देते हैं। कभी वे हंसते हुए दिखते हैं, तो कभी रोते हुए या कुछ मांगते हुए। स्वप्न शास्त्र के अनुसार, ये सपने कोई आम बात नहीं होते, बल्कि इनके पीछे पितरों के खास संकेत छिपे होते हैं। तो आइए जानते हैं कि पितृ पक्ष में पितरों के अलग-अलग रूप में दिखने का क्या मतलब होता है।
सपने में पितरों को हंसते या मुस्कुराते देखना
अगर आपको सपने में आपके पूर्वज प्रसन्न, हंसते हुए या शांत भाव में दिखाई देते हैं, तो यह अत्यंत शुभ संकेत है। इसका मतलब है कि आपके पितर आपसे बेहद प्रसन्न हैं और उन्होंने आपकी पूजा, श्राद्ध या तर्पण को स्वीकार कर लिया है। यह सपना इशारा करता है कि जल्द ही आपके घर में कोई खुशखबरी आने वाली है, रुका हुआ काम पूरा होगा और सुख-समृद्धि का वास होगा।
सपने में पितरों को रोते या उदास देखना
यदि सपने में कोई पूर्वज रोता हुआ, दुखी या चुपचाप बैठा हुआ दिखे, तो इसे अशुभ या चेतावनी भरा संकेत माना जाता है।इसका सीधा मतलब है कि आपके पितर किसी बात से असंतुष्ट या कष्ट में हैं। हो सकता है कि उनके नाम से कोई भूल-चूक हो गई हो या उनके द्वारा कही गई कोई अंतिम इच्छा पूरी न हुई हो। यह सपना घर में आने वाले किसी संकट, आर्थिक तंगी या पारिवारिक कलह का पूर्व इशारा हो सकता है।
पितरों को खाना या पानी मांगते देखना
सपने में अगर पूर्वज भूखे-प्यासे दिखें या आपसे खाना और कपड़ा मांग रहे हों, तो यह बहुत महत्वपूर्ण संकेत है। इसका अर्थ है कि वे आपसे तर्पण, पिंडदान या दान-पुण्य की उम्मीद रख रहे हैं। उनकी आत्मा की शांति के लिए उन्हें भोजन और जल की आवश्यकता है। ऐसा सपना आने पर बिना देर किए पितृ पक्ष में उनके नाम से किसी योग्य ब्राह्मण या जरूरतमंद को भोजन कराएं, जल का दान करें और वस्त्र दान करें।
पितरों को अपने पास बुलाते या साथ ले जाते देखना
अगर सपने में कोई पितर आपका हाथ पकड़कर ले जाता दिखे या आपको अपने पास बुलाए, तो स्वप्न शास्त्र में इसे अच्छा नहीं माना गया है। यह सपना स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या या किसी बड़ी बीमारी के आने का संकेत देता है। ऐसे सपने आने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें और पितरों के नाम से तिल, तेल और अन्न का दान करें।
सपने में पितरों का कुछ देना या आशीर्वाद देना
अगर सपने में पूर्वज आपको कुछ मिठाई, फल, पैसे या कोई वस्तु देते हुए दिखते हैं। यह बहुत ही कल्याणकारी सपना है। इसका मतलब है कि पितर आपको आशीर्वाद देकर आपकी बंद किस्मत का ताला खोल रहे हैं। आने वाले समय में आपको अचानक धन लाभ या करियर में बड़ी तरक्की मिल सकती है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ