Edited By Niyati Bhandari,Updated: 23 Nov, 2026 08:55 AM

कांग्रेस ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में दाखिल आरोपपत्र पर रविवार को सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इसके जरिए बड़े नामों को बचाने और गंभीर सवालों को दरकिनार करने की कोशिश की गई है।
नई दिल्ली (एजैंसी): कांग्रेस ने राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले में दाखिल आरोपपत्र पर रविवार को सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इसके जरिए बड़े नामों को बचाने और गंभीर सवालों को दरकिनार करने की कोशिश की गई है।
कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, ‘चढ़ावा चोरी, आस्था धोखा! राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले में 74,000 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल हुआ है लेकिन सवाल यह है कि क्या इस आरोपपत्र में चोरी की घटनाओं का पूरा ब्यौरा है या सिर्फ 8 कर्मचारियों को आरोपी बनाकर बड़े नामों को बचाया गया है और गंभीर सवालों को दरकिनार किया गया है?’
रमेश ने आरोपपत्र का हवाला देते हुए कहा कि 4 जून 2026 की रात श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के व्हाट्सएप पर चोरी का वीडियो पहुंच गया था जिसमें स्नानघर में रखी 2.25 लाख रुपए के नोटों की गड्डियां दिख रही थीं और इसके साथ भेजे गए संदेश में कहा गया था कि कई दिनों से चोरी हो रही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘5 जून को चंपत राय के आवास पर अनिल मिश्रा, गोपाल (राव) और नरेन्द्र (सिंह) ने लैपटॉप पर चोरी के वीडियो देखे, यानी न्यास के शीर्ष पदाधिकारियों के सामने चोरी के सबूत आ चुके थे।’