Edited By Mansi,Updated: 13 Mar, 2026 02:09 PM

इस फिल्म में शानदार कलाकारों की टोली नजर आएगी, जिसमें Diljit Dosanjh, Naseeruddin Shah, Vedang Raina और Sharvari Wagh मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। हिंदी सिनेमा में प्यार को बेहद संवेदनशील और गहराई से पर्दे पर उतारने वाले निर्देशक Imtiaz Ali एक बार फिर दर्शकों के सामने एक नई कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी थिएट्रिकल फिल्म ‘मेन वापास आऊंगा’ में प्यार, बिछड़ने और यादों की ऐसी कहानी बुनी गई है, जो दर्शकों के दिलों को छूने वाली है।
इस फिल्म में शानदार कलाकारों की टोली नजर आएगी, जिसमें Diljit Dosanjh, Naseeruddin Shah, Vedang Raina और Sharvari Wagh मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को Applause Entertainment प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण Window Seat Films के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म का टीज़र आज जारी किया गया, जिसने कहानी की भावनात्मक झलक पेश कर दी है। टीज़र में दिलजीत दोसांझ की आवाज़ में गाया गया गीत सुनाई देता है, जो कहानी के दर्द और संवेदना को और गहरा बनाता है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए पहली बार दिलजीत मशहूर संगीतकार A. R. Rahman और गीतकार Irshad Kamil के साथ काम कर रहे हैं। इम्तियाज़ अली, ए.आर. रहमान और इरशाद कामिल की यह तिकड़ी पहले भी हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दे चुकी है।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्देशक इम्तियाज़ अली ने कहा, “क्या प्यार कभी खो सकता है? क्या किसी के दिल से उसका घर छीन लिया जा सकता है? हमारे दौर की सबसे बड़ी कहानी माइग्रेशन की है। मुझे यह कहानी बड़े पर्दे पर कहने का अवसर मिला, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यह कहानी विभाजन के समय लोगों की यादों और अनुभवों से प्रेरित है। अतीत हमेशा हमारे साथ रहता है, और कई दशकों बाद भी सबसे ज्यादा जो चीज़ बची रहती है, वह है प्यार की वह पहली भावना, जो कभी कही नहीं जा सकी।”
फिल्म के निर्माता समीर नायर ने भी फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इम्तियाज़ अली हमारे समय के सबसे विशिष्ट कहानीकारों में से एक हैं, जिनकी कहानियां दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक रहती हैं। ‘मेन वापास आऊंगा’ भी ऐसी ही भावनात्मक गहराई लिए हुए फिल्म है, जो बड़े पर्दे पर एक खास अनुभव देने वाली है।
फिल्म का निर्माण समीर नायर और दीपक सेगल Applause Entertainment के साथ-साथ मोहित चौधरी और शिबाशिश सरकार Window Seat Films ने किया है। फिल्म की कहानी एक लड़के और एक लड़की की प्रेम कथा से शुरू होकर पूरे देश की संवेदनाओं को छूती हुई आगे बढ़ती है। फिलहाल फिल्म का टीज़र रिलीज हो चुका है और दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें 12 जून 2026 पर टिकी हैं, जब ‘मेन वापास आऊंगा’ सिनेमाघरों में दर्शकों के सामने होगी।