Edited By Anu Malhotra,Updated: 30 Apr, 2026 09:36 AM

पुणे के कोंढवा में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से बुधवार देर रात क्लोरीन गैस रिसाव के कारण कम से कम 22 निवासियों और दो दमकलकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह रिसाव रात करीब 1...
नेशनल डेस्क: पुणे के कोंढवा में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से बुधवार देर रात क्लोरीन गैस रिसाव के कारण कम से कम 22 निवासियों और दो दमकलकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह रिसाव रात करीब 1 बजे गंगाधाम इलाके में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र के गोदाम में क्लोरीन से भरे टैंक से हुआ।
एक दमकल अधिकारी ने बताया, गैस रिसाव से आसपास के निवासियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को मौके पर भेजा गया। कई नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और सुरक्षा उपकरणों की सहायता से रिसाव वाले टैंक की मरम्मत की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 22 निवासियों और 2 दमकलकर्मियों को सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जल शोधन संयंत्र के मालिक ने बताया कि उसने संयंत्र को बंद कर दिया था, लेकिन क्लोरीन का टैंक वहीं रह गया, जिससे रिसाव हुआ। अधिकारी ने कहा, सभी प्रभावित निवासी और दोनों दमकलकर्मी खतरे से बाहर हैं और वर्तमान में ससून जनरल अस्पताल में निगरानी में हैं।