Edited By Mansi,Updated: 04 Aug, 2026 03:57 PM

'बिग बॉस हिंदी सीज़न 20' का प्रीमियर 6 सितंबर से विशेष रूप से जियोहॉटस्टार और कलर्स पर होगा। मेकर्स का दावा है कि इस बार का सीज़न पहले से कहीं ज्यादा रहस्यमयी, रोमांचक और चौंकाने वाला होगा।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। टेलीविजन के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस हिंदी सीज़न 20' का इंतज़ार अब खत्म होने वाला है। जियोहॉटस्टार और कलर्स ने मंगलवार को शो का बहुप्रतीक्षित टीज़र जारी कर दिया है, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। शो का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर से जियोहॉटस्टार और कलर्स पर होगा।
जारी किए गए टीज़र में सलमान खान हमेशा की तरह अपने दमदार अंदाज़ में नज़र आते हैं। उनकी एंट्री एक शानदार घोड़े के साथ होती है, जिसके बाद वह कहते हैं, "जो करण अर्जुन में हुआ था, वो होगा अब बिग बॉस में… तथास्तु!" इस रहस्यमयी संवाद के साथ टीज़र में एक सूक्ष्म विजुअल हिंट भी दिखाया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब फैंस यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर इस सीज़न की थीम और ट्विस्ट क्या होने वाले हैं।
सलमान खान ने दिया बड़ा इशारा
नए सीज़न को लेकर सलमान खान ने कहा, "बिग बॉस का हर सीज़न अपने साथ नया गेम, नए समीकरण और कई अप्रत्याशित मोड़ लेकर आता है। लेकिन इस बार कहानी के केंद्र में एक ऐसा रहस्य है, जो इस सीज़न को अब तक के सभी सीज़नों से बिल्कुल अलग बनाता है। पहला हिंट तो सामने आ चुका है, बस उसे थोड़ा ध्यान से देखने की ज़रूरत है। यह टीज़र तो सिर्फ शुरुआत है। अब मुझे बेसब्री से इंतज़ार है कि दर्शक बिग बॉस हिंदी सीज़न 20 शुरू होने पर इन सभी सुरागों को कैसे जोड़ते हैं।"
6 सितंबर से शुरू होगा नया सफर
'बिग बॉस हिंदी सीज़न 20' का प्रीमियर 6 सितंबर से विशेष रूप से जियोहॉटस्टार और कलर्स पर होगा। मेकर्स का दावा है कि इस बार का सीज़न पहले से कहीं ज्यादा रहस्यमयी, रोमांचक और चौंकाने वाला होगा। ऐसे में दर्शकों को अब शो के अगले प्रोमो और कंटेस्टेंट्स की घोषणा का बेसब्री से इंतजार है।