Edited By Manisha,Updated: 31 Jul, 2026 04:26 PM

बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' के मेकर्स 11 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने जा रहे हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीज़र ने दर्शकों की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया है। अब मेकर्स 11 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने जा रहे हैं। ट्रेलर लॉन्च के साथ ही देशभर में फिल्म का बड़े स्तर पर प्रमोशनल अभियान शुरू होगा, जिसके जरिए 'मिर्ज़ापुर' का भौकाल सिनेमाघरों तक पहुंचने से पहले ही दर्शकों के बीच देखने को मिलेगा।
7-8 शहरों में पहुंचेगी फिल्म की स्टारकास्ट
फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के अनुसार, ट्रेलर रिलीज के बाद 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' की पूरी टीम 7 से 8 शहरों का मल्टी-सिटी प्रमोशनल टूर करेगी। इस खास रोड ट्रिप के दौरान पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु शर्मा समेत फिल्म की प्रमुख स्टारकास्ट अलग-अलग शहरों में फैंस से मुलाकात करेगी। मेकर्स का उद्देश्य सिनेमाघरों में रिलीज से पहले फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त माहौल बनाना है।
दमदार स्टारकास्ट के साथ लौटेगी 'मिर्ज़ापुर' की दुनिया
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' में पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल और दिव्येंदु शर्मा एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। इनके अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस. चौहान भी फिल्म का हिस्सा हैं। मेकर्स का दावा है कि बड़े पर्दे पर 'मिर्ज़ापुर' की दुनिया पहले से कहीं अधिक भव्य, रोमांचक और दमदार अंदाज में दिखाई देगी।
4 सितंबर को हिंदी और तेलुगु में होगी रिलीज
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' को अमेज़न MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर इसके निर्माता हैं, वहीं कासिम जगमागिया और विशाल रामचंद्रानी सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।