Edited By Mansi,Updated: 03 Aug, 2026 05:17 PM

इंद्रजीत लंकेश के निर्देशन में बनी 'जय हिंद, जय सिंध: ए लव स्टोरी' अब हिंदी, कन्नड़, तमिल और तेलुगु में पैन इंडिया रिलीज होगी। महेश मांजरेकर, जया प्रदा और ज़रीना वहाब जैसे दिग्गज कलाकारों से सजी यह फिल्म अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अपनी पहली झलक से दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने वाली फिल्म 'जय हिंद, जय सिंध: ए लव स्टोरी' अब पैन इंडिया रिलीज के लिए तैयार है। यह रोमांटिक और भावनात्मक फिल्म हिंदी, कन्नड़, तमिल और तेलुगु समेत चार प्रमुख भाषाओं में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। निर्माताओं का उद्देश्य इस कहानी को भाषा की सीमाओं से आगे ले जाकर पूरे भारत के दर्शकों तक पहुंचाना है।
चार भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
सैमी ननवानी द्वारा सैमीज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित और निर्देशक इंद्रजीत लंकेश के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्रेम, भावनाओं और मानवीय रिश्तों पर आधारित है।
फिल्म की पैन इंडिया रिलीज को लेकर निर्देशक इंद्रजीत लंकेश ने कहा कि 'जय हिंद, जय सिंध: ए लव स्टोरी' सिर्फ एक भाषा तक सीमित नहीं है। इसकी भावनाएं और संदेश हर दर्शक से जुड़ते हैं। यही वजह है कि इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में रिलीज करने का फैसला लिया गया।
निर्माता ने बताया रिलीज का उद्देश्य
फिल्म के निर्माता सैमी ननवानी ने कहा कि शुरुआत से ही उनका उद्देश्य ऐसी फिल्म बनाना था जो पूरे भारत के दर्शकों के दिलों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि चार भाषाओं में रिलीज होने से फिल्म की पहुंच और भी ज्यादा बढ़ेगी और अलग-अलग राज्यों के दर्शक अपनी भाषा में इस प्रेम कहानी का आनंद ले सकेंगे।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में महेश मांजरेकर, जया प्रदा, ज़रीना वहाब, विक्रम कोचर, उपासना सिंह, राहुल देव, छाया कदम, इंदिरा तिवारी, अमित बहल, पूजा कात्याल और अंकित अरोड़ा जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं गौरव ढिंगरा और अकाइशा वत्स इस फिल्म के जरिए नई जोड़ी के रूप में दर्शकों के सामने आएंगे। दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री और अभिनय फिल्म की प्रेम कहानी को खास बनाने का वादा करती है।
अकाइशा वत्स पर रहेंगी सबकी नजरें
फिल्म की लीड एक्ट्रेस अकाइशा वत्स इन दिनों बॉलीवुड की उभरती हुई प्रतिभाओं में गिनी जा रही हैं। वह करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के एक बड़े आगामी प्रोजेक्ट का भी हिस्सा हैं। ऐसे में इस फिल्म से भी उनसे काफी उम्मीदें की जा रही हैं।
अक्टूबर 2026 में सिनेमाघरों में होगी रिलीज
निर्माताओं के अनुसार 'जय हिंद, जय सिंध: ए लव स्टोरी' अक्टूबर 2026 में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। प्यार, रिश्तों और भावनाओं पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को एक नई और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी का अनुभव कराने के लिए तैयार है।