Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Dec, 2017 06:40 PM
ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने आज घोषणा की कि 2019 में यूरोपीय संघ से देश के अलग होने के बाद ब्रिटेन अपनी राष्ट्रीय पहचान को बरकरार रखने के लिए नीले और सुनहरे रंग के पासपोर्ट डिजाइन पर वापस लौटेगा। वर्तमान में ब्रिटेन के पासपोर्ट का रंग बरगंडी है जो...
लंदन: ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने आज घोषणा की कि 2019 में यूरोपीय संघ से देश के अलग होने के बाद ब्रिटेन अपनी राष्ट्रीय पहचान को बरकरार रखने के लिए नीले और सुनहरे रंग के पासपोर्ट डिजाइन पर वापस लौटेगा। वर्तमान में ब्रिटेन के पासपोर्ट का रंग बरगंडी है जो समूचे यूरोपीय संघ में इस्तेमाल किया जाता है। ब्रेग्जिट के बाद देश को यूरोपीय संघ के नियमों का पालन करने की जरूरत नहीं होगी और यह बरगंडी रंग के पासपोर्ट के दौर से बाहर आ जाएगा।
विश्व का सबसे सुरक्षित दस्तावेज
आव्रजन मंत्री ब्रैंडन लेविस ने एक बयान में कहा, ‘‘यूरोपीय संघ को छोडऩे से हमें अपनी राष्ट्रीय पहचान को बरकरार रखने तथा विश्व में हमारे खुद के लिए एक नया मार्ग अपनाने का अवसर मिल गया है।’’ उन्होंने कहा कि नए पासपोर्ट ‘विश्व में सर्वाधिक सुरक्षित यात्रा दस्तावेजों में से एक होंगे।’ मंत्रालय के अनुसार, पासपोर्ट में वर्तमान में कागज आधारित तस्वीर पृष्ठ को अत्यधिक मजबूती वाली प्लास्टिक पॉलीकार्बोनेट सामग्री वाले पृष्ठ से बदला जाएगा जिससे किसी तरह की छेड़छाड़ करना मुश्किल होगा। नया नीला और सुनहरे रंग के डिजाइन का पासपोर्ट 1921 में इसे अपनाए जाने के बाद ब्रिटेन में दशकों तक इस्तेमाल किया गया और अब एक बार फिर ब्रिटेन इसी डिजाइन के पासपोर्ट पर वापस लौट रहा है। यह पासपोर्ट अक्तूबर 2019 से जारी किया जाएगा जब पासपोर्ट प्रावधानों के लिए नया अनुबंध शुरू होगा। वर्तमान बरगंडी रंग का पासपोर्ट 1988 से इस्तेमाल में है।