Edited By Tanuja,Updated: 22 Jul, 2026 08:17 PM

चीन के हेनान प्रांत में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोपी ने जेल से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक रचा और परिवार की मदद से फर्जी अंतिम संस्कार भी करवा दिया। लेकिन पुलिस ने CCTV, बैंक रिकॉर्ड और मोबाइल डेटा के आधार पर उसे युन्नान से गिरफ्तार कर लिया।...
International Desk: जेल की सजा से बचने के लिए चीन के एक शख्स ने ऐसी साजिश रची, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। उसने अपनी मौत का नाटक किया, ताबूत खरीदा, घर में आत्महत्या जैसा माहौल बनाया और परिवार की मदद से अपना ही अंतिम संस्कार तक करवा दिया। लेकिन कुछ छोटी-छोटी गलतियों ने उसकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया और आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला चीन के हेनान प्रांत के आनयांग शहर का है। 'सी' नाम का यह व्यक्ति पिछले साल जनवरी में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था।जांच में पुलिस को पता चला कि वह पहले भी दो बार बिना लाइसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका था। बाद में उसे जांच पूरी होने तक जमानत पर रिहा कर दिया गया।
चीन के कानून के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध माना जाता है, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होने के साथ एक से छह महीने तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है। आरोपी को डर था कि जेल जाने पर भारी कर्ज और पुराने मामलों के कारण उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। इसी डर से उसने खुद को मृत साबित करने की योजना बनाई। पिछले साल जून में आरोपी ने पहले से एक ताबूत खरीद लिया। इसके बाद उसने घर में दवाइयों की खाली बोतलें फैला दीं ताकि ऐसा लगे कि उसने ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार, उसने अपनी सांस रोकने और शरीर का तापमान कम करने जैसी तरकीबें अपनाईं ताकि वह मृत दिखाई दे। परिवार वालों ने भी कहानी बनाई कि ज्यादा दवाइयां खाने से उसका चेहरा खराब हो गया है, इसलिए शव को चादर से ढक दिया गया। आरोपी की मां और दादी ने शाम होने से पहले ही जल्दबाजी में ताबूत दफना दिया। उधर, आरोपी वहां से निकलकर युन्नान प्रांत भाग गया और नई पहचान के साथ नौकरी तलाशने लगा। जब पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली तो अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कथित शव दफनाया जा चुका था।
जांच के दौरान कई ऐसी बातें सामने आईं, जिन्होंने पुलिस का शक बढ़ा दिया।
- परिवार ने बीमार होने पर उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया।
- मौत से पहले ही ताबूत खरीद लिया गया था।
- अस्पताल का कोई मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं था।
- अंतिम संस्कार का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।
- सरकारी दस्तावेजों में मौत दर्ज नहीं कराई गई थी।
गांव वालों और रिश्तेदारों ने भी बताया कि शव का चेहरा किसी को नहीं दिखाया गया। केवल उसकी मां और दादी ने ही शव देखने का दावा किया था। पुलिस ने CCTV फुटेज, बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल फोन रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच में साफ हो गया कि आरोपी जिंदा है और फरार होकर युन्नान में छिपा हुआ है। कई महीनों की तलाश के बाद पुलिस ने इस साल अप्रैल में उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने आरोपी को 5 महीने की जेल और 20,000 युआन (करीब 2.8 लाख रुपये) जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा 11 जून को पुलिस ने उसकी मां और दादी के खिलाफ भी अपराधी को छिपाने और कानून से बचाने में मदद करने के आरोप में आपराधिक जांच शुरू कर दी। यह घटना चीन के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इस खबर को एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। मामले की जांच कर रहे सरकारी अभियोजक ने कहा कि कानून से बचने के लिए अपनी मौत का नाटक करना बेकार है। इससे सजा से बचा नहीं जा सकता, बल्कि नए आपराधिक मामले भी दर्ज हो सकते हैं।