Edited By Pardeep,Updated: 19 Oct, 2026 11:00 PM

इटली के विभिन्न शहरों में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसक झड़पों के बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इटली स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार (19 अक्टूबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से एडवाइजरी साझा...
रोम/नई दिल्ली: इटली के विभिन्न शहरों में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसक झड़पों के बीच भारत सरकार ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इटली स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार (19 अक्टूबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के माध्यम से एडवाइजरी साझा करते हुए भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, प्रदर्शन स्थलों तथा प्रभावित भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।
इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर जारी, दूतावास से संपर्क की अपील
भारतीय दूतावास ने नागरिकों से ऐसी घटनाओं से जुड़ी स्थानीय खबरों और घटनाक्रमों पर लगातार नजर रखने की अपील की है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए इमरजेंसी नंबर भी जारी किए गए हैं। भारतीय नागरिक रोम स्थित भारतीय दूतावास (+39 331 614 2085) तथा मिलान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (+39 388 164 7527) से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन ने लिया हिंसक रूप
इटली के शहर मिलान में पिछले हफ्ते के अंत में बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर 5,000 से अधिक लोग विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए थे। हालांकि, अचानक ही इस प्रदर्शन ने हिंसक झड़प, लूटपाट और दंगे की शक्ल ले ली।
पीएम जॉर्जिया मेलोनी की उपद्रवियों को चेतावनी
देश में भड़की हिंसा और अराजकता पर कड़ा रुख अपनाते हुए इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना एक अधिकार है, लेकिन अपने ही शहरों को बर्बाद करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुंडों ने प्रदर्शनों का गलत फायदा उठाकर देश में अराजकता फैलाई है।