सानाए ताकाइची की जीत पर PM मोदी ने दी बधाई, भारत-जापान रिश्तों पर जताया भरोसा

Edited By Updated: 08 Feb, 2026 10:32 PM

pm modi congratulated sanae takaichi on her victory and expressed confidence in

जापान की राजनीति में रविवार को बड़ा इतिहास रच दिया गया। विंटर स्नैप चुनाव में प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन ने जबरदस्त जीत हासिल की है। कंजरवेटिव नेता सानाए ताकाइची देश की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और उनकी पार्टी के इस प्रदर्शन...

इंटरनेशनल डेस्क : जापान की राजनीति में रविवार को बड़ा इतिहास रच दिया गया। विंटर स्नैप चुनाव में प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन ने जबरदस्त जीत हासिल की है। कंजरवेटिव नेता सानाए ताकाइची देश की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं और उनकी पार्टी के इस प्रदर्शन को जापान के हालिया चुनावी इतिहास के सबसे मजबूत नतीजों में गिना जा रहा है।

चुनावी नतीजों के मुताबिक, 465 सदस्यीय निचले सदन में सत्ताधारी दल ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। मतदान समाप्त होने के दो घंटे के भीतर ही लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने अकेले दम पर 233 सीटों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया, जिसने सभी राजनीतिक अटकलों पर विराम लगा दिया।

पीएम मोदी ने जताई खुशी

सानाए ताकाइची की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रतिनिधि सभा के चुनाव में मिली यह जीत बेहद अहम है। पीएम मोदी ने भारत-जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि ताकाइची के नेतृत्व में दोनों देशों की दोस्ती और मजबूत होगी और वैश्विक शांति व स्थिरता को नई दिशा मिलेगी।

अमेरिका ने भी दी बधाई

जापान में तैनात अमेरिकी राजदूत जॉर्ज एडवर्ड ग्लास ने भी सानाए ताकाइची को उनकी शानदार जीत पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमेरिका उनकी सरकार के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के लिए उत्सुक है।

36 साल बाद हुआ था सर्दियों का चुनाव

गौरतलब है कि सानाए ताकाइची ने पिछले साल अक्टूबर में पार्टी नेतृत्व संभालने के तुरंत बाद 36 वर्षों में पहली बार मिड-विंटर चुनाव कराने का ऐलान किया था। उनका मकसद जनता से नया और मजबूत जनादेश हासिल करना था।

जोखिम भरा फैसला, लेकिन मिला बड़ा फायदा

उस वक्त उनका यह कदम काफी जोखिम भरा माना जा रहा था। वजह यह थी कि लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी संसद के दोनों सदनों में बहुमत गंवा चुकी थी और सहयोगी कोमेतो पार्टी के साथ गठबंधन भी टूट गया था। बावजूद इसके, ताजा नतीजों ने साबित कर दिया कि सानाए ताकाइची का दांव कामयाब रहा और उन्होंने जापान की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ दिखा दी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!