रूस का यूक्रेन पर फिर भीषण हमला; बच्चों समेत 4 की मौत और 27 घायल, सैंकड़ों इमारतें क्षतिग्रस्त

Edited By Updated: 20 Oct, 2026 05:29 PM

russian missile and drone blitz kills 4 in ukraine

रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में कीव क्षेत्र में बच्चों समेत चार लोगों की मौत और 27 लोग घायल हुए। बुचा में सैकड़ों इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जबकि ओडेसा में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। नॉर्वे में सहयोगियों से मुलाकात कर रहे जेलेंस्की ने अमेरिका से...

Kyiv: रूस ने यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर फिर मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमले किए हैं जिनमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की नॉर्वे की यात्रा पर हैं और अमेरिका तथा यूरोपीय देशों से सहायता हासिल करने के प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्रीय पुलिस ने बताया कि कीव क्षेत्र में रूस की ओर से किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों में बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, ओबुखिव जिले में तीन लोगों की मौत हुई और छह अन्य घायल हो गए। हमलों में वहां के गोदामों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, बुचा जिले में एक महिला की मौत हो गई और आठ बच्चों समेत 21 लोग घायल हो गए। इस जिले में सैकड़ों इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।

 

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने कहा कि रूस ने रात में दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया जिससे कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। उन्होंने कहा कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस बीच, नॉर्वे सरकार ने कहा कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के भी ओस्लो पहुंचने की संभावना है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हिस्सा लेंगे। विटकॉफ ने कुशनर के साथ मिलकर रूस और यूक्रेन के बीच समझौता कराने तथा युद्ध समाप्त करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कोई खास सफलता नहीं मिली। नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की जेलेंस्की के साथ बैठक होनी है। जेलेंस्की और ट्रंप के संबंधों में खटास आने के बाद यूक्रेन को अमेरिका से सहायता को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

 

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बातचीत की है, जो फिलहाल एशिया की यात्रा पर हैं। यह बातचीत जेलेंस्की के सोमवार को अमेरिकी सांसदों के एक द्विदलीय समूह से मुलाकात के बाद हुई। इस दौरान उन्होंने आशंका जताई थी कि ''यूक्रेन को दी जाने वाली मदद की रफ्तार धीमी करने के लिए कोई राजनीतिक फैसला लिया गया है।'' जेलेंस्की के मुताबिक, रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए यूक्रेन के पास अमेरिका में निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली की मिसाइलें लगभग खत्म हो चुकी हैं। उन्होंने वाशिंगटन से और मिसाइलें भेजने का आग्रह किया है। हालांकि, उनका कहना है कि अमेरिकी रक्षा विभाग का मुख्यालय 'पेंटागन' उन मिसाइलों की आपूर्ति में भी देरी कर रहा है, जिन्हें दूसरे देशों ने यूक्रेन के लिए खरीदा था। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!