Edited By Punjab Kesari,Updated: 13 Jul, 2017 12:44 PM
श्रीनगर में आतंकवादियों द्वारा 2 दिन पहले अमरनाथ यात्रियों पर किए गए हमले के विरोध में बुधवार को साम्बा में विभिन्न पार्टियों के नेताओं व व्यापार मंडल साम्बा ने जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
साम्बा : श्रीनगर में आतंकवादियों द्वारा 2 दिन पहले अमरनाथ यात्रियों पर किए गए हमले के विरोध में बुधवार को साम्बा में विभिन्न पार्टियों के नेताओं व व्यापार मंडल साम्बा ने जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर चक्का जाम कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापार मंडल साम्बा ने दोपहर तक हमले के विरोध में पूरी तरह से दुकानें बंद रखीं और मुख्य चौक पर जम कर बवाल मचाया। प्रदर्शन दौरान व्यापार मंडल साम्बा के प्रधान तेजेंद्र सिंह, समाज सेवक लबलू सम्बयाल, ब्राह्मण सभा प्रधान रवि खजूरिया, विकास सम्बयाल, कांग्रेस यूथ उप-प्रधान संदीप शर्मा, नैकां के स्टूडैंट यूनियन के प्रांतीय सचिव राजेश्वर सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
सुबह के समय ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और मुख्य चौक पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने राजमार्ग पर एक भी वाहन को जाने नहीं दिया। इस मौके पर रोष प्रकट करते हुए व्यापार मंडल के प्रधान तेजेंद्र सिंह और समाज सेवक लबलू सम्बयाल ने कहा कि आतंकवादियों ने अमरनाथ यात्रियों पर हमला कर देश की जनता की आस्था को चोट पहुंचाई है जो कि किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी तरफ से सफाई पेश कर रही है कि हमले में शामिल बस रजिस्टर नहीं थी और उसे सुरक्षा नहीं मिली थी, यह बात बहुत ही गलत है। सम्बयाल ने कहा कि देश में कहीं पर भी चलना हर नागरिक का हक है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार तुरंत इन आतंकियों को पकड़क उन्हें मौत के घाट उतारे नहीं तो जम्मू संभाग की जनता लगातार आंदोलन के लिए तैयार हो जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की तो एक बार फिर से वर्ष 2008 जैसे हालात बन सकते हैं।
वहीं पैंथर्स पार्टी द्वारा पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल की अगुवाई में साम्बा में रैली निकाल कर सरकार का पुतला फूंका गया। पाकिस्तान मुर्दावाद के नारे लगाते हुए पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल ने कहा कि केंद्र सरकार को सबसे पहले तुरंत राज्य में राज्यपाल शासन लागू करना चाहिए, क्योंकि राज्य में हालात अब बहुत अधिक खराब हो चुके हैं। अगर कश्मीरी पत्थरबाज और पाकिस्तान बाज नहीं आया तो जम्मू के डोगरे चुप नहीं बैठेंगे और उन्हे सबक सिखाने के लिए कोई भी कदम उठाएंगे। इस मौके पर पैंथर्स के जिला प्रधान शिवचरण सिंह, ब्लॉक प्रधान अरुण खजूरिया, तहसील प्रधान रश्मिकांत खजूरिया व विश्व सिंह आदि मौजूद थे।