Edited By Pardeep,Updated: 07 Aug, 2026 01:46 AM

संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) ने बृहस्पतिवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया, जिसमें संस्थापक अभिजीत दीपके (30) को राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास (27) और प्रवक्ता...
नेशनल डेस्कः संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) ने बृहस्पतिवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया, जिसमें संस्थापक अभिजीत दीपके (30) को राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। कॉजपा के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास (27) और प्रवक्ता आशुतोष रांका (30) संगठन के सह-संयोजक होंगे।
शहर में स्थित दीपके के आवास पर कॉजपा की मुख्य टीम की दो दिवसीय बैठक के समापन के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की गई। इसके पदाधिकारियों ने कहा कि कॉजपा को फिलहाल राजनीतिक दल में नहीं बदला जाएगा, बल्कि यह जमीनी स्तर पर काम करेगी। कॉजपा ने बाद में एक बयान जारी कर संगठन के पदाधिकारियों के नामों की जानकारी दी।
बयान में कहा गया, "हमारे खाके को लागू करने के लिए राष्ट्रीय कार्यसमिति ने हमारी पहली राष्ट्रीय नेतृत्व सूची को मंजूरी दे दी है। अगले छह महीनों में कॉजपा पूरे भारत में राज्य समन्वय समितियों के साथ-साथ लोकसभा और शहर स्तर की समन्वय इकाइयों की स्थापना करेगी। आज बताए गए नामों के अलावा कॉजपा द्वारा किसी अन्य व्यक्ति को पदाधिकारी के रूप में नामित नहीं किया गया है।" कॉजपा ने अजिंक्य शिंदे (35) को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, जबकि दीपक बालियान (26) को संगठन सह-प्रभारी नियुक्त किया।
अन्य पदाधिकारी इस प्रकार हैं: आफरीन नवाज (34) - राष्ट्रीय सचिव, विजय रेड्डी मल्लांगी (30) - मीडिया प्रमुख, रत्ना सिंह (31) - कानूनी मामलों की प्रमुख, वैष्णवी गौड़ (29) - शोध और नीति प्रमुख, रोहन देशपांडे (31) - प्रौद्योगिकी प्रमुख, और योगेश इंगले (33) - वित्त प्रमुख। कॉजपा ने देश के चार क्षेत्रों - उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पूर्वोत्तर, तथा पश्चिम के नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी तय कीं। संवाददाता सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक विस्तार पर सौरव दास ने कहा, "हम अपनी वेबसाइट के माध्यम से सदस्यता अभियान शुरू कर रहे हैं। छात्र, युवा पेशेवर और श्रमिक एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने के लिए हमसे जुड़ सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी प्रकार का कोष एकत्र नहीं कर रहा है और लोगों को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। दास ने कहा, "लोग चाहते हैं कि कॉजपा एक राजनीतिक दल बने। लेकिन इस समय एक और राजनीतिक दल जोड़ना उपयोगी नहीं होगा। वहां ऊर्जा खर्च करने के बजाय, हम धरातल पर काम करेंगे क्योंकि जागरूकता वहीं से आती है। हम फिलहाल कॉजपा को राजनीतिक दल में नहीं बदलेंगे।"
रांका ने कहा कि कॉजपा का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात करेगा, जिसके बाद शीर्ष पदाधिकारी वहां का दौरा करेंगे। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया, जिसमें छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर हैं। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक और अन्य परीक्षा अनियमितताओं को लेकर पिछले महीने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉजपा के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।