Edited By Parveen Kumar,Updated: 28 Jun, 2025 09:01 PM
अदीस अबाबा से मुंबई आ रही इथियोपियन एयरलाइंस की फ्लाइट को शुक्रवार दोपहर 1:42 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में उड़ान के दौरान अचानक केबिन का दबाव कम हो गया, जिससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत और चक्कर आने जैसी...
नेशनल डेस्क: अदीस अबाबा से मुंबई आ रही इथियोपियन एयरलाइंस की फ्लाइट को शुक्रवार दोपहर 1:42 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट में उड़ान के दौरान अचानक केबिन का दबाव कम हो गया, जिससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत और चक्कर आने जैसी परेशानी होने लगी।
जानकारी के अनुसार, जब यह घटना हुई तब विमान 33,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था और अरब सागर के ऊपर था। पायलट ने तुरंत फैसला लेते हुए विमान को नीचे लाया और मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग करवाई। लैंडिंग के बाद, 7 यात्रियों की जांच एयरपोर्ट की मेडिकल टीम ने की, जिनमें से एक यात्री को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यह घटना 23 जून को एयर इंडिया की लंदन-मुंबई फ्लाइट में 11 लोगों की तबीयत बिगड़ने के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। तकनीकी जानकारों के मुताबिक, जब विमान बहुत ऊंचाई पर उड़ता है तो उसमें हवा और ऑक्सीजन बनाए रखने के लिए केबिन में विशेष दबाव बनाया जाता है। लेकिन कभी-कभी तकनीकी खराबी की वजह से यह सिस्टम फेल हो सकता है, जिससे ऑक्सीजन की कमी हो जाती है और मास्क अपने आप नीचे आ जाते हैं।