Edited By Anu Malhotra,Updated: 25 May, 2026 08:32 AM

Anu Meena Case : राजस्थान की राजधानी जयपुर से घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता की मौत के बाद उसके परिवार ने पति समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच...
Anu Meena Case : राजस्थान की राजधानी जयपुर से घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता की मौत के बाद उसके परिवार ने पति समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान अनु मीणा के रूप में हुई है। वह जयपुर के गोपालपुरा बाईपास इलाके में अपने पति गौतम मीणा के साथ रहती थी। गौतम सरकारी विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है।
शादी के कुछ समय बाद शुरू हुए विवाद
परिजनों के अनुसार, अनु की शादी साल 2015 में बड़े धूमधाम से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी में काफी खर्च करने के बावजूद ससुराल वाले लगातार पैसों और दहेज की मांग की जाती रही। अनु के पिता, जो पुलिस विभाग से रिटायर हो चुके हैं, उनका कहना है कि बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से लंबे समय तक परेशान किया गया। परिवार का आरोप है कि पति शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था।
बच्चों के सामने मारपीट का आरोप
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब परिवार को अनु के मोबाइल फोन से एक कथित सीसीटीवी वीडियो मिला। परिवार का दावा है कि वीडियो में पति घर के अंदर तोड़फोड़ करते हुए दिखाई देता है। आरोप है कि उसने बच्चों के सामने अनु के साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का कहना है कि वीडियो देखने के बाद उन्हें अंदाजा हुआ कि अनु किस तरह के माहौल में रह रही थी।
यह सीसीटीवी अनु की खुदकुशी से एक महीने पहले 3 मार्च को रात करीब 11 बजे का है। जिसमें इंजीनियर पति गौतम मीणा शराब के नशे में आकर पहले तो घर में तोड़फोड़ करता फिर पैर से जूता निकालकर उससे पत्नी अनु की पिटाई करता इतना ही नहीं किचन में उसका सर गैस सिलेंडर से भी मारता और तो और दरिंदा पति यह नहीं रुकता इसके बाद जब पिटाई से बेसुध होकर अनु जमीन पर गिर जाती है तो वह बेटे के सामने ही अनु के मुंह पर थूक देता। अनु उठने की हालत में नहीं होती है तो 10 साल का बेटा माहिर उसे पानी लाकर देता। परिवार के मुताबिक, बच्चों ने भी अपने पिता के व्यवहार को लेकर कई बातें बताईं।
अप्रैल में हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, अनु की मौत 7 अप्रैल को हुई थी। उस समय इसे पारिवारिक विवाद के बाद उठाया गया कदम माना गया था और तत्काल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। लेकिन बाद में मिले वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर परिवार ने पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी। परिवार का आरोप है कि अनु लंबे समय से तनाव में थी और लगातार प्रताड़ना झेल रही थी।
पति और रिश्तेदारों पर केस दर्ज
अनु के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति गौतम मीणा समेत परिवार के कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। केस में आत्महत्या के लिए उकसाने, घरेलू हिंसा और प्रताड़ना जैसी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच वरिष्ठ स्तर पर की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
बच्चों की सुरक्षा पर भी चिंता
मृतका के दोनों बच्चे फिलहाल ननिहाल में रह रहे हैं। परिवार का कहना है कि बच्चे मानसिक रूप से काफी डरे हुए हैं। परिजनों ने प्रशासन से न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी निष्पक्षता से की जाएगी।