BCCI अंडर-19 टीम की खिलाड़ी ने की आत्मह'त्या, परिवार का आरोप- दो युवकों ने किया परेशान

Edited By Updated: 14 Nov, 2026 06:27 AM

bcci under 19 team player

तेलंगाना के विकाराबाद जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बीसीसीआइ (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चुनी गई 17 वर्षीय होनहार खिलाड़ी नंदिनी ने अपनी दादी के घर फांसी लगाकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। नंदिनी की अचानक हुई मौत...

विकाराबाद/हैदराबाद : तेलंगाना के विकाराबाद जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बीसीसीआइ (BCCI) की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चुनी गई 17 वर्षीय होनहार खिलाड़ी नंदिनी ने अपनी दादी के घर फांसी लगाकर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। नंदिनी की अचानक हुई मौत से जहां स्थानीय क्रिकेट समुदाय गहरे सदमे में है, वहीं उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बीसीसीआई अंडर-19 टीम में चयन से जगी थीं उम्मीदें 
नंदिनी मूल रूप से विकाराबाद जिले के यालाल मंडल के सांगायापल्ली गांव की रहने वाली थी। वह विकाराबाद के मधु कॉलोनी स्थित अपनी दादी के घर रहकर पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट की कोचिंग भी ले रही थी। हाल ही में जब उसका चयन बीसीसीआई की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ, तो पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई थी और उसके उज्ज्वल क्रिकेट करियर की उम्मीदें जग गई थीं। लेकिन किसे पता था कि इस सफलता के पीछे एक दर्दनाक मोड़ छिपा हुआ है।

परिजनों का आरोप: 2 युवक कर रहे थे प्रताड़ित 
नंदिनी के परिजनों ने दो युवकों पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का संगीन आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि अनिल नाम का युवक पिछले कई दिनों से प्यार के नाम पर नंदिनी का पीछा (स्टॉकिंग) कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि कृष्णा नाम का दूसरा युवक इस प्रताड़ना में अनिल की मदद कर रहा था। परिजनों के अनुसार, इसी लगातार उत्पीड़न से तंग आकर नंदिनी ने इतना खौफनाक कदम उठाया।

सड़क पर उतरे रिश्तेदार, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग 
नंदिनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में भारी आक्रोश फैल गया। न्याय की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन (रोड जाम) किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि प्रताड़ित करने वाले दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस जांच: मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट की होगी फॉरेंसिक जांच 
घटना की सूचना मिलते ही विकाराबाद के सर्कल इंस्पेक्टर (CI) रघु के नेतृत्व में पुलिस टीम सुबह करीब 9 बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का पाया गया है। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है।

सर्कल इंस्पेक्टर रघु ने बताया कि शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि नंदिनी के इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप अकाउंट्स की गहन जांच की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसे सोशल मीडिया के जरिए प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था। फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच के नतीजों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सीआई रघु ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल और ऑनलाइन गतिविधियों पर ध्यान दें तथा उन्हें भावनात्मक संबल प्रदान करें।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!