Edited By Rohini Oberoi,Updated: 01 Jun, 2026 10:26 AM

मध्यप्रदेश के भिंड शहर में शनिवार दोपहर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े फायरिंग की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने एक चलती कार को रोकने की कोशिश की। जब कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी तो...
Car Firing Incident Madhya Pradesh : मध्यप्रदेश के भिंड शहर में शनिवार दोपहर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े फायरिंग की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने एक चलती कार को रोकने की कोशिश की। जब कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी तो बदमाशों ने उस पर देशी कट्टों और बंदूकों से चार राउंड गोलियां दाग दीं। इस हमले में कार चालक चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया हालांकि गोलियां लगने से कार को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अटेर निवासी अजीत भदौरिया शनिवार दोपहर अपनी कार से भिण्ड शहर की ओर आ रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग पुल के समीप निर्माणाधीन पुल के पास तीन बाइकों पर सवार कुछ युवक उनके पीछे लग गए और वाहन रुकवाने का प्रयास करने लगे। चालक ने स्थिति को भांपते हुए वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गया। अजीत भदौरिया ने आरोप लगाया है कि बाइक सवार युवकों में उसने पुराने विवाद से जुड़े आलोक राजावत और सत्यम बौहरे को पहचान लिया था।
यह भी पढ़ें: 'मुझे मौत दे दीजिए कलेक्टर साहब,' बीवी के उत्पीड़न से तंग आया पति, लागए ऐसे गंभीर आरोप कि...
इसी कारण उसने वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ना उचित समझा। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पीछा करते हुए देशी कट्टों और बंदूकों से कार पर चार फायर किए। गोलियां कार के पिछले हिस्से में लगीं जिससे पीछे का कांच क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद आरोपी बंबा रोड की ओर भाग निकले।
यह भी पढ़ें: Multiple Sclerosis Warning: अगर आप भी हैं 20 से 40 साल के, तो शरीर के इन इशारों को न करें इग्नोर, हो सकती है यह गंभीर बीमारी
सूचना मिलने पर भिण्ड देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने वाहन की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है।
वहीं जांच अधिकारी उप निरीक्षक अजय यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की संभावना है।