Edited By Radhika,Updated: 25 Jul, 2026 12:34 PM

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि सरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दूसरे मंत्रालय में भेजने पर विचार कर रही है, जबकि NEET-UG पेपर लीक मामले में उनके इस्तीफे की मांगें बढ़ रही हैं। 10 जनपथ के बाहर...
नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि सरकार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दूसरे मंत्रालय में भेजने पर विचार कर रही है, जबकि NEET-UG पेपर लीक मामले में उनके इस्तीफे की मांगें बढ़ रही हैं। 10 जनपथ के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की "तीन मांगें हैं, और इन पर कोई समझौता नहीं हो सकता।"
<
>
गांधी ने कहा, "पहली मांग यह है कि शिक्षा मंत्री, जो भ्रष्ट, अक्षम और गलत सोच वाले हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए।" इसी के साथ राहुल ने दावा किया है कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की बजाय किसी दूसरे मंत्रालय में भेजने की बात हुई थी। उन्होंने कहा कि, "यह भारत के छात्रों को मंजूर नहीं है। यह किसी को भी मंजूर नहीं है।" उन्होंने प्रधान को "भ्रष्टाचार का प्रतीक" और छात्रों के भविष्य की बर्बादी का कारण बताया।
उन्होंने जोर देकर कहा, " धर्मेंद्र प्रधान को इधर-उधर भेजने के बारे में कोई बातचीत नहीं होगी... धर्मेंद्र प्रधान को हटाया ही जाना चाहिए।" राहुल गांधी ने सोमवार को संसद तक मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर अत्यधिक बल प्रयोग - लाठीचार्ज से लेकर कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल तक - का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जो लोग "छात्रों के साथ बर्बरता करते हैं" उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, उन्हें सजा मिलनी चाहिए और जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नरेंद्र मोदी को देश के छात्रों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी भारत का अतीत हैं। अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता।"