Edited By Pardeep,Updated: 15 Nov, 2026 10:44 PM

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस प्रायोजित 'भारत समिट' (Bharat Summit) में एक विदेशी राजनीतिक नेता की मौजूदगी और उनके बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
नई दिल्लीः तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस प्रायोजित 'भारत समिट' (Bharat Summit) में एक विदेशी राजनीतिक नेता की मौजूदगी और उनके बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स' (Party of European Socialists) के महासचिव जियोकोमो फिलीबेक (Giacomo Filibeck) ने शिरकत की, जहां उन्होंने भारतीय लोकतंत्र पर भाषण देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का समर्थन किया। इस दौरान फिलीबेक ने मंच से "वोट चोर, गद्दी छोड़" का नारा भी बुलंद किया, जिस पर राहुल गांधी हंसते और तालियां बजाते हुए नजर आए।
वहीं इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कहा," अप्रैल 2018 में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक को फिलीपींस ने एयरपोर्ट से ही वापस भेज दिया था। आरोप था कि वे टूरिस्ट वीजा पर वहां की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप कर रहे थे। आज वही फिलिबेक हैदराबाद में कांग्रेस के 'भारत समिट' के मंच से भारतीय लोकतंत्र को ज्ञान दे रहे हैं, राहुल गांधी का समर्थन कर रहे हैं और भारत की चुनी हुई सरकार के खिलाफ नारा लगा रहे हैं – "वोट चोर, गद्दी छोड़!" और राहुल गांधी? मंच पर बैठकर मुस्कुराते हुए तालियां बजा रहे हैं।
विडंबना देखिए! जिस विदेशी नेता को दूसरे देश ने अपनी राजनीति में हस्तक्षेप के आरोप में बाहर किया, कांग्रेस उसे भारत बुलाकर हमारे लोकतंत्र और चुनी हुई सरकार के खिलाफ राजनीतिक मंच दे रही है। सवाल है – भारत की राजनीति में विदेशी हस्तक्षेप को कांग्रेस किस हैसियत से जायज ठहरा रही है? उन्होंने कहा, भारत में सरकार कौन बनाएगा, यह फैसला भारतीय मतदाता करेंगे या कांग्रेस के विदेशी दोस्त? भारत का लोकतंत्र किसी अंतरराष्ट्रीय मंडली की जागीर नहीं है। विदेशी दोस्तों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करना बंद कीजिए। और हर बार राजनीतिक वैधता के लिए अपने ननिहाल की तरफ देखना भी बंद कीजिए।