Edited By Parveen Kumar,Updated: 17 Aug, 2026 07:32 PM

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी बताए जा रहे अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। वह 2023 में मीरा-भाईंदर के काशीमीरा इलाके में हुई बेकरी फायरिंग और रंगदारी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक,...
नेशनल डेस्क : अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी बताए जा रहे अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। वह 2023 में मीरा-भाईंदर के काशीमीरा इलाके में हुई बेकरी फायरिंग और रंगदारी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, इंटरपोल से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, अख्तर मर्चेंट विदेश में छिपा हुआ था और उसके भारत लौटने की सूचना मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ाई गई। जैसे ही वह भारत पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसे मीरा-भाईंदर लाया जाएगा, जहां उससे मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी।
बेकरी फायरिंग और रंगदारी का आरोप
यह मामला साल 2023 का है। काशीमीरा इलाके में स्थित ‘इटेनॅशनल बेकरी’ में फायरिंग की गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया था कि इलाके में रहने वाले गुटखा विक्रेता बाबू से रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस के मुताबिक, रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर बाबू की बेकरी को निशाना बनाकर फायरिंग की गई थी। इस मामले में काशीमीरा पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 700/2023 दर्ज की गई थी। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक साजिश और अन्य धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पप्पू पेजर भी था मामले में आरोपी
पुलिस के मुताबिक, इस फायरिंग मामले में अख्तर मर्चेंट और पप्पू पेजर को मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल किया गया था। क्राइम ब्रांच ने पप्पू पेजर को पिछले साल गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अख्तर मर्चेंट गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार था।
इंटरपोल की सूचना के बाद हुई गिरफ्तारी
मीरा-भाईंदर वसई-विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच को इंटरपोल के जरिए अख्तर मर्चेंट के विदेश में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस को जैसे ही उसके भारत लौटने की जानकारी मिली, दिल्ली एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई। भारत पहुंचते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।