Edited By Parveen Kumar,Updated: 15 Feb, 2026 10:02 PM

Jaipur International Airport पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एक महिला यात्री पर टर्मिनल के बाहर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महिला के पैर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट...
नेशनल डेस्क : Jaipur International Airport पर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एक महिला यात्री पर टर्मिनल के बाहर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महिला के पैर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 2:20 बजे महिला फ्लाइट से उतरकर टर्मिनल-2 के अराइवल एरिया से बाहर निकल रही थी। जैसे ही वह गेट के पास पहुंची, वहां मौजूद एक कुत्ता तेजी से उसकी ओर लपका और काट लिया। महिला दर्द से चीख पड़ी, जिसके बाद आसपास खड़े लोगों ने तुरंत उसे संभाला और सुरक्षित स्थान पर ले गए।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन हरकत में आया और घायल यात्री को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित कुत्ते का पहले ही टीकाकरण किया जा चुका था, जिससे संक्रमण के बड़े खतरे की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि इस घटना ने एयरपोर्ट परिसर में पशुओं की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।