प्रत्येक भारतीय एक 'कुटुंब' का हिस्सा, हमारे युवा चाहते हैं कि भारत विश्व में अग्रणी देश बने: मोहन भागवत

Edited By Updated: 29 Nov, 2026 07:51 PM

every indian is part of a kutumbh mohan bhagwat

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक एक ही 'कुटुंब' का हिस्सा है, भले ही उनमें कुछ मतभेद हों। उन्होंने कहा कि नागरिकों में कुछ मतभेद होना भी स्वाभाविक है।

नई दिल्लीः राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा कि देश का प्रत्येक नागरिक एक ही 'कुटुंब' का हिस्सा है, भले ही उनमें कुछ मतभेद हों। उन्होंने कहा कि नागरिकों में कुछ मतभेद होना भी स्वाभाविक है। भागवत ने यहां आयोजित आरएसएस के कार्यक्रम 'राष्ट्र वंदनम' को संबोधित करते हुए कहा कि देश के युवा चाहते हैं कि भारत दुनिया का सबसे अग्रणी देश बने, और वे 'राष्ट्र-प्रथम' की विचारधारा में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि लोग यह समझ रहे हैं कि प्रत्येक भारतीय एक है और प्रत्येक नागरिक के दिल में 'भारतवर्ष' का उदय हो रहा है।

भागवत ने हाल के महीनों में अपनी तीन देशों की यात्रा और अन्य आरएसएस पदाधिकारियों की विदेश यात्राओं के बारे में कहा, ''हम दुनिया को भारत, आरएसएस और हमारे काम के बारे में बताने के लिए पांच महाद्वीपों के विभिन्न देशों में गए थे।'' उन्होंने कहा, ''भारत को जब आजादी मिली, तो पश्चिम के विशेषज्ञों को लगा कि यह देश कायम नहीं पाएगा और इसे चलाने के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा।''

भागवत ने आरएसएस के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में कहा कि यह संगठन के लिए जश्न मनाने की बात नहीं है, क्योंकि इसने इस अवसर का इस्तेमाल समाज के लिए और भी अधिक काम करने के लिए किया। उन्होंने कहा कि पहले पश्चिम में किसी ने नहीं सोचा था कि भारत इस तरह लोकतंत्र को बचाए रखेगा और अपनी अर्थव्यवस्था का इतने बड़े पैमाने पर विस्तार भी करेगा। भागवत ने कहा कि पश्चिम अब यह जानना चाहता है कि हिंदू इतने धैर्यवान कैसे हो सकते हैं, और वे अपनी नयी पीढ़ी के लिए यह बात सीखना चाहते हैं।

आरएसएस प्रमुख ने कहा, ''हमारा संकल्प है कि हम किसी भी आलोचना की परवाह किए बिना सत्य और न्याय के मार्ग पर चलें।'' उन्होंने अन्य लोगों से भी इसी रास्ते का अनुसरण करने की अपील की। भागवत ने कहा, ''अब हर कोई उम्मीद करता है कि भारत 'विश्व गुरु' के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को पुन: प्राप्त करेगा और यह प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए।''

आरएसएस की दिल्ली इकाई ने 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम का आयोजन उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में किया। यह कार्यक्रम संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद थीं। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!