गंगा  में स्नान कर रहे 4 कांवड़ियों की डूबने से मौत, SDRF ने बरामद किए शव

Edited By Updated: 31 Jul, 2026 07:48 PM

four kanwariyas drown while bathing in the ganges sdrf recovers bodies

उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में शुक्रवार को जटवाड़ा पुल के पास चंडीगढ़ निवासी 16 से 18 साल की उम्र के चार नाबालिग कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, चारों मृतकों के शव बरामद कर लिए...

नेशनल डेस्क : उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में शुक्रवार को जटवाड़ा पुल के पास चंडीगढ़ निवासी 16 से 18 साल की उम्र के चार नाबालिग कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, चारों मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार आए एक दल में शामिल थे और गंगा जल लेने के बाद वापस लौट रहे थे। लौटते समय रास्ते में जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर के घाट पर ये लोग स्नान करने के लिए रुके और इसी दौरान एक कांवड़िया डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन उन्हें भी गहराई का अंदाजा नहीं लगा और वे चारों गंगनहर में लापता हो गए।

बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट की सफाई के कारण जलस्तर कम होने से कांवड़िए बीच धारा तक चले गए थे और इसी दौरान फंसने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस सहित अन्य राहत-बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (नगर) अभय प्रताप सिंह ने बताया कि काफी देर तक चले अभियान के बाद चारों कांवड़ियों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

मृतकों की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर 16 के निवासी शिवांशु (16), नीतेश (17) और भरत (17) तथा सेक्टर 26/30 के निवासी रोहित प्रजापति (18) के रूप में हुई है। एक अन्य घटना हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर हुई जहां गंगा के तेज बहाव में बह गए दो कांवड़ियों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने बचा लिया। इनमें से एक की पहचान 18 वर्षीय सुधीश ठाकुर तथा दूसरे की पहचान बागपत निवासी 28 वर्षीय राहुल के रूप में हुई। करीब एक पखवाड़े तक चलने वाली कांवड़ यात्रा की शुरूआत बृहस्पतिवार को हुई है।

प्रदेश में इन दिनों हो लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी अपने पूरे उफान पर है। इस संबंध में सिंह ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान पुलिस-प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहा है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा गंगा या गंगनहर की मुख्य धारा और गहरे पानी में जाने से बचें ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!