Himachal Pradesh Rain: चंडीगढ़-मनाली हाईवे भूस्खलन से बंद, कुल्लू में सैकड़ों सड़कें ठप

Edited By Updated: 29 Aug, 2025 08:10 PM

heavy rain in himachal landslides close manali highway kullu hit

हिमाचल में लगातार भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मंडी, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा जैसे जिलों में भूस्खलन और बाढ़ से सड़कें बंद हैं। चंडीगढ़-मनाली हाईवे बाधित है, कुल्लू में सैकड़ों सड़कें ठप हैं। मणिमहेश यात्रा के श्रद्धालु फंसे हैं, बचाव कार्य...

नेशनल डेस्कः हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंडी, कुल्लू, ऊना, कांगड़ा और चंबा जैसे जिलों में मूसलधार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क बंद होने और बाढ़ जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। प्रशासन और सेना राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, लेकिन खराब मौसम ने चुनौतियां और बढ़ा दी हैं।

चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर भूस्खलन

बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह से आगे कैंची मोड़ और बनाला के बीच आवाजाही पूरी तरह बंद है। बीती रात बनाला में फिर से भूस्खलन हुआ है। कुल्लू के लिए फिलहाल मंडी से कटौला होते हुए केवल छोटी गाड़ियों को एकतरफा भेजा जा रहा है।

किन्नौर में बादल फटने से तबाही

शुक्रवार सुबह किन्नौर जिले के लिप्पा गांव के पास पेजर खड्ड में बादल फट गया। इसके चलते आई बाढ़ से सेब के बागानों को भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान नाले के तेज बहाव में जम्मू-कश्मीर के दो मजदूर बह गए, लेकिन वे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद रिकांग पियो के अस्पताल में भर्ती कराया।

कुल्लू में सैकड़ों सड़कें बंद

कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में छनोट नाले के उफान से पुनन खड़ में एक स्विफ्ट कार बह गई। नेशनल हाईवे-305 औट–लुहरी बीते चार दिनों से बंद पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सैकड़ों सड़कें भी बंद हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप है। प्रशासन की टीमें सड़कें व अन्य मूलभूत सुविधाएं बहाल करने में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर चंबा प्रशासन ने श्री मणिमहेश यात्रा में फंसे श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए कलसुंई से पठानकोट तक तीन बसें रवाना कीं, जिनमें लगभग 150 श्रद्धालु सवार थे। मंडी जिले के गोहर और बल्ह उपमंडलों में रातभर बारिश जारी रही, हालांकि अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। चंडीगढ़-मनाली हाईवे की बहाली अब मौसम पर निर्भर है।कांगड़ा जिले में पौंग डैम से पानी छोड़ा जा रहा है। एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि पहले ही सूचना जारी कर दी गई थी। फतेहपुर और इंदौरा में रेस्क्यू शेल्टर बनाए गए हैं, जहां कुल 947 लोग शरण लिए हुए हैं।

NHAI खर्च करेगा 100 करोड़ रुपये

राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने 100 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक कर यह फैसला लिया। कीरतपुर-पंडोह-कुल्लू-मनाली खंड में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। शिमला क्षेत्रीय कार्यालय ने 15 स्थानों पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।

अगले 18 घंटे बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 18 घंटों में कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और ऊना जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कुल्लू और शिमला में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

पोंग बांध की महाराणा प्रताप झील का जलस्तर एक फीट घटकर 1393 फीट पर पहुंच गया है। यहां से ब्यास नदी में 94 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, बैजनाथ समेत कई क्षेत्रों में बारिश जारी है।
 

Related Story

Trending Topics

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!