Edited By Sahil Kumar,Updated: 12 Dec, 2025 08:22 PM

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 13 से 17 दिसंबर तक देश के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में शीतलहर जारी रहेगी, जबकि पश्चिमी और...
नेशनल डेस्कः भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और मौसमी तंत्र के प्रभाव से कई इलाकों में सर्दी, कोहरा और बारिश का असर जारी रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, 13 से 17 दिसंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख समेत कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 14 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही, कई इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 14 दिसंबर तक कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, कई इलाकों में तेज हवाओं का भी असर रहेगा।
शीतलहर और ठंड का अलर्ट
आईएमडी ने बताया कि मध्य और उससे सटे पूर्वी व उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में 14 दिसंबर तक शीतलहर जारी रह सकती है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि पंजाब और हरियाणा में मौसम बेहद सर्द बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 12 और 13 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। 12 से 14 दिसंबर के दौरान तेलंगाना और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी ठंड का असर देखने को मिलेगा।
घना कोहरा छाए रहने की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 12 और 13 दिसंबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 से 14 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कोहरे की संभावना जताई गई है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में 12 से 16 दिसंबर, हिमाचल प्रदेश में 12 से 14 दिसंबर, ओडिशा में 12 से 13 दिसंबर और पंजाब में 13 से 16 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।