Edited By Tanuja,Updated: 22 Jun, 2026 12:41 PM

स्विट्जरलैंड में ईरान-अमेरिका वार्ता के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी जिंदगी के दो सबसे पसंदीदा लोग भारतीय मूल की उनकी पत्नी ऊषा वेंस और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं। वेंस ने मुनीर की...
Washington: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने स्विट्जरलैंड में चल रही अमेरिका-ईरान वार्ता के दौरान एक दिलचस्प टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी के दो सबसे पसंदीदा लोगों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी हैं। लेक ल्यूसर्न के किनारे स्थित बर्गेनस्टॉक रिसॉर्ट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान वेंस ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारतीय मूल की उनकी पत्नी ऊषा वेंस और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर (Asim Munir) उनके सबसे पसंदीदा लोगों में शामिल हैं। वेंस के इस बयान पर दुनिया हैरान है। वेंस ने कहा कि इस्लामाबाद में हुई मुलाकात के बाद से वह अक्सर मजाक में कहते हैं कि उनकी जिंदगी में दो बेहद महत्वपूर्ण लोग हैं एक भारतीय और एक पाकिस्तानी। उन्होंने कहा, "भारतीय मेरी पत्नी ऊषा हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं।"
वेंस ने आगे बताया कि पिछले तीन महीनों में उनकी सबसे अधिक बातचीत आसिम मुनीर से हुई है। उन्होंने कहा,"उनकी लीडरशिप के बिना मैं यहां नहीं होता। वह एक बेहतरीन सैन्य नेता हैं, लेकिन उन्होंने खुद को एक प्रभावशाली कूटनीतिज्ञ के रूप में भी साबित किया है।" स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में पाकिस्तान और कतर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। वार्ता में अमेरिकी पक्ष का नेतृत्व जेडी वेंस कर रहे हैं, जबकि ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर ग़ालिबफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल हुए । पाकिस्तान की ओर से प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif और सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी वार्ता प्रक्रिया में भाग लिया।
वेंस ने वार्ता के दौरान कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) पश्चिम एशिया में स्थायी शांति और पूर्ण युद्धविराम देखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने लेबनान की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में सकारात्मक प्रगति हुई है और अमेरिका क्षेत्र में तनाव कम करने के प्रयास जारी रखे हुए है। हाल के महीनों में पाकिस्तान ने खुद को अमेरिका और ईरान के बीच संवाद स्थापित करने वाले प्रमुख मध्यस्थों में से एक के रूप में पेश करने की कोशिश की है। इसी संदर्भ में आसिम मुनीर और पाकिस्तान की भूमिका को लेकर वेंस की टिप्पणी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, वेंस की यह टिप्पणी औपचारिक राजनीतिक घोषणा से अधिक एक हल्की-फुल्की व्यक्तिगत टिप्पणी थी, लेकिन इसमें पाकिस्तान की मध्यस्थ भूमिका और मुनीर के साथ उनके कार्य संबंधों की झलक भी दिखाई दी।