Edited By Parminder Kaur,Updated: 12 Jun, 2025 05:28 PM

गुजरात के अहमदाबाद में आज यानि गुरुवार, 12 जून हुए एक भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। एयर इंडिया का एक विमान दुर्भाग्यवश दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 242 यात्री सवार थे। इस दुखद घटना में यात्रियों के बचने की संभावना बेहद कम बताई...
नेशनल डेस्क. गुजरात के अहमदाबाद में आज यानि गुरुवार, 12 जून हुए एक भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। एयर इंडिया का एक विमान दुर्भाग्यवश दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 242 यात्री सवार थे। इस दुखद घटना में यात्रियों के बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है, जिससे हर तरफ शोक का माहौल है।
पलक झपकते ही हुआ हादसा
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से उड़ान भर रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह विमान क्रैश हो गया। आसमान में धुएं का गुबार उठते ही स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लग गया। हालांकि, अभी तक मरने वालों की आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है, लेकिन आशंका है कि यह आंकड़ा काफी अधिक हो सकता है।
कंगना रनौत ने व्यक्त की संवेदना
इस हृदय विदारक घटना पर बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। कंगना ने ट्वीट कर लिखा, "अहमदाबाद विमान हादसे की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की कामना करती हूं। ईश्वर इस संकट की घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करें।" अपने बेबाक बयानों और विचारों के लिए सुर्खियों में रहने वाली कंगना ने इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी, केंद्र सरकार का सहयोग

हादसे की जानकारी मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की है और इस मुश्किल समय में राज्य को हर संभव केंद्रीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।