Kerala Assembly Elections: केरल में प्रमुख हस्तियों एवं उम्मीदवारों ने सुबह-सुबह किया मतदान

Edited By Updated: 09 Apr, 2026 12:14 PM

kerala prominent personalities and candidates cast their votes

केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू होते ही कई हस्तियों एवं उम्मीदवारों ने सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंच अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य में 2.71 करोड़ से अधिक लोगों के पास मताधिकार है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपनी पत्नी,...

Kerala Assembly Elections: केरल विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू होते ही कई हस्तियों एवं उम्मीदवारों ने सुबह-सुबह मतदान केंद्र पहुंच अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य में 2.71 करोड़ से अधिक लोगों के पास मताधिकार है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे कन्नूर जिले के पिनराई स्थित आरसी अमला बेसिक यूपी स्कूल में मतदान केंद्र तक पैदल पहुंचे। 

उनके साथ पार्टी के कई नेता भी मौजदू रहे। चुनाव को निर्णायक बताते हुए विजयन ने कहा कि यह केरल का भविष्य निर्धारित करेंगे, क्योंकि अपना प्रदेश एक विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, '' हम विकास हासिल करने में सफल रहे हैं और यह जारी रहना चाहिए। इसमें बाधा नहीं आनी चाहिए और लोग भी यही चाहते हैं कि विकास जारी रहे।'' 

विजयन ने पिछले चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि 2019 में मिला जनादेश उसके किए गए काम को दिखाता है। सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 2019 में 2016 की तुलना में अधिक सीटें मिली थीं। उन्होंने कहा, '' हमें विश्वास है कि इस बार भी जनता हमें अधिक सीटें देगी। हम जनता के साथ हैं और जनता हमारे साथ है।'' वोट के बदले नोट के आरोपों पर उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य केरल की राजनीतिक संस्कृति के विपरीत हैं और मतदाता इन्हें अस्वीकार करेंगे। 

कांग्रेस के नेता वी. डी. सतीशन अपनी पत्नी और बेटी के साथ केसरी सरकारी कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने कहा, '' सभी को मतदान करना चाहिए। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। अधिक से अधिक लोगों का मतदान केंद्र पर पहुंचना ही लोकतंत्र की जीत होती है।" 

कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) राज्य में एक दशक से जारी सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) शासन को बेदखल कर सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटा है। सतीशन ने विश्वास जताया कि यूडीएफ 100 सीट जीतेगा। केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी सुबह साढ़े छह बजे गुरुवायूर के देवस्वओम अंग्रेजी माध्यम स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे और कतार में खड़े दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि इस बार बदलाव आएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मतदान के बाद कहा कि पार्टी मतदाताओं से केरल में विकास के लिए अवसर मांग रही है। उन्होंने कहा, '' लोगों को इस बात का एहसास है कि यह महत्वपूर्ण चुनाव है। मुझे विश्वास है कि वे बदलाव लाएंगे।'' 

अभिनेता मोहनलाल तिरुवनंतपुरम के मुदवनमुगल सरकारी स्कूल के बाहर मतदान के लिए प्रतीक्षा करते दिखे। उन्हें नीमम निर्वाचन क्षेत्र में एलडीएफ उम्मीदवार वी. शिवनकुट्टी और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) उम्मीदवार के. एस. सबरीनाथन से बातचीत करते देखा गया। 

मतदान के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, '' मैंने अपना कर्तव्य निभा दिया। अब आपकी बारी है...केरल, वोट करें।'' इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी और सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने भी सुबह मलप्पुरम में मतदान किया। कुन्हालीकुट्टी ने जीत का भरोसा जताया। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कन्नूर जिले के पेरावूर स्थित सेंट जॉन बैपटिस्ट अंग्रेजी माध्यम हाई स्कूल (कडातुनकडवु) में मतदान किया। 

नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) के महासचिव जी. सुकुमारन नायर ने कोट्टायम जिले के चंगनास्सेरी स्थित वझपल्ली स्कूल में मतदान किया। केंद्रीय मंत्री एवं कंजीरापल्ली से राजग उम्मीदवार जॉर्ज कुरियन, यूडीएफ के समर्थन से चुनाव लड़ रहे माकपा के बागी नेता जी. सुधाकरन ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 

इस बीच, पाला सीट से चुनाव लड़ रहे केरल कांग्रेस (एम) के नेता जोस के. मणि अपने पिता के. एम. मणि की पुण्यतिथि पर बृहस्पतिवार को परिवार के साथ पाला में उनकी समाधि पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। निर्वाचन आयोग (ईसी) के अनुसार, केरल में शुरुआती दो घंटे में सुबह नौ बजे तक 16.23 प्रतिशत मतदान हुआ। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!