Edited By Pardeep,Updated: 18 May, 2026 06:01 AM

केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत वी.डी. सतीशन कल एक भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
नेशनल डेस्कः केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत वी.डी. सतीशन आज एक भव्य समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके मंत्रिमंडल की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसमें कुल 20 मंत्रियों को शामिल किया गया है। सतीशन ने शासन की बागडोर संभालने से पहले ही सादगी और सरकारी खर्च में कटौती का कड़ा संदेश देकर जनता का दिल जीत लिया है।
कैबिनेट में युवाओं और नए चेहरों का दबदबा
सतीशन कैबिनेट की सबसे बड़ी विशेषता इसमें 14 नए चेहरों का शामिल होना है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, जो मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, भी इस कैबिनेट का हिस्सा होंगे। नए मंत्रियों की सूची में पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, के.ए. थुलसी और ओ.जे. जनीश जैसे कांग्रेस के प्रमुख नाम शामिल हैं। थिरुवनंतूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष और शनीमोल उस्मान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सहयोगी दलों को मिली तरजीह
कांग्रेस के प्रमुख सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को कैबिनेट में 5 मंत्री पद दिए गए हैं। इनमें पी.के. कुन्हालीकुट्टी, के.एम. शाजी, वी. अब्दुल गफूर, एन. शमसुद्दीन और पी.के. बशीर के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, केरल कांग्रेस (जोसेफ) से मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी से शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) से अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी से सी.पी. जॉन को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री की 'सादगी' की मिसाल
पदभार ग्रहण करने से पहले ही वी.डी. सतीशन ने राज्य में मितव्ययिता (Austerity measures) के उपायों की घोषणा कर दी है। उन्होंने आदेश दिया है कि उनके साथ सुरक्षा वाहनों का काफिला या एम्बुलेंस नहीं चलेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें अपने लिए किसी नई सरकारी गाड़ी की आवश्यकता नहीं है। उनके इस कदम की राजनीतिक हलकों में काफी सराहना हो रही है।
दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सहित विपक्ष के कई बड़े सितारे शामिल होंगे। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ-साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नीत यूडीएफ (UDF) ने हाल ही में संपन्न हुए 140 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में 102 सीटों पर प्रचंड जीत हासिल की है।