Edited By Yaspal,Updated: 07 Mar, 2019 10:16 PM
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में अपने 11 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इसके अलावा पार्टी ने गुजरात से भी चार उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। कांग्रेस की सरप्रस्त सोनिया गांधी अपनी पुरानी सीट राय बरेली से चुनाव लड़ेंगी...
नई दिल्ली: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में अपने 11 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इसके अलावा पार्टी ने गुजरात से भी चार उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। कांग्रेस की सरप्रस्त सोनिया गांधी अपनी पुरानी सीट राय बरेली से चुनाव लड़ेंगी, जबकि राहुल गांधी अमेठी से ही मैदान में उतरेंगे।
इस सूची के साथ ही सोनिया गांधी द्वारा सेहत का हवाला देकर चुनावी राजनीति से दूर जाने की अटकलों को विराम लग गया है। कांग्रेस ने आज जिन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है, उनमें से 5 सीटें बसपा के कोटे में हैं, जबकि चार सीटें सपा के कोटे में आई हैं।
सपा और बसपा में कुछ दिन पहले ही चुनावी समझौता हुआ था, जिसके तहत सहारनपुर, फरूखाबाद अकबरपुर, जालोन, और धोरहरा की सीटें बसपा के खाते में आई थी, जबकि उन्नाव, कुशीनगर, बदायूं और फैजावाद की सीटें सपा के कोटे में आई थी, जबकि इन दोनों पार्टियों ने अमेठी व रायबरेली की सीट कांग्रेस के लिए छोड़ी थी। कांग्रेस ने इन दोनों पार्टियों के कोटे की सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।
कांग्रेस ने पुराने चेहरों पर लगाया दांव
कांग्रेस ने धोरहरा से जीतिन प्रसाद, उन्नाव से अनु टंडन, फर्रूखाबाद से सलमान खुर्शीद, अकबरपुर से राजा रामपाल, फैजावाद से निर्मल खत्री व कुशीनगर से आर.पी.एन. सिंह को मैदान में उतारा है। ये सारे नेता 2009 का चुनाव जीत चुके हैं। इनके अलावा सहारनपुर से इमरान मसूद, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी, जालोन से बृज लाल खबरी को भी मैदान में उतारा गया है।
गुजरात में पार्टी ने अहमदाबाद वैस्ट सीट से राजू परमार, आनंद सीट से भारत सिंह सोलंकी, वड़ोदरा से प्रशांत पटेल व छोटा उदयपुर से रंजीत मोहन सिंह को मैदान में उतारा है।