Edited By Parveen Kumar,Updated: 10 Jul, 2026 09:51 PM

गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक छात्र को शराब खरीदने के लिए भेजने के आरोप में प्राथमिक स्कूल के शिक्षक को निलंबित करके गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य के एक मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना 20 जून को सुबह करीब आठ बजे ऊना...
नेशनल डेस्क : गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में एक छात्र को शराब खरीदने के लिए भेजने के आरोप में प्राथमिक स्कूल के शिक्षक को निलंबित करके गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य के एक मंत्री ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना 20 जून को सुबह करीब आठ बजे ऊना तालुका के खापट गांव के प्राथमिक स्कूल में हुई थी। गुजरात में शराब उत्पादन, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है।
राज्य के प्राथमिक, माध्यमिक और प्रौढ़ शिक्षा मंत्री प्रद्युम्न वाजा ने एक वीडियो संदेश में कहा, "गिर सोमनाथ जिले के ऊना के खापट गांव में एक शिक्षक ने एक छात्र को शराब खरीदने भेजा था।" उन्होंने कहा, "इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए मैंने संबंधित शिक्षक को तुरंत निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला विकास अधिकारी ने बिना देरी किए उसे निलंबित कर दिया।" उन्होंने बताया कि खापट प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद ऊना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शिक्षक हरेशगिरि गुलाबगिरि गोस्वामी कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को पढ़ाते थे।
प्राथमिकी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर कक्षा सात के एक छात्र को 20 रुपये का लालच देकर शराब की बोतल लाने के लिए 500 रुपये दिए। इसके बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक ने इस घटना की जानकारी तालुका प्राथमिक शिक्षा अधिकारी को दी। गोस्वामी के खिलाफ जांच जारी है और मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस तीन सदस्यीय जांच समिति में गिर सोमनाथ के उप जिला विकास अधिकारी, वेरावल के तालुका प्राथमिक शिक्षा अधिकारी और गिर गढ़ड़ा के तालुका विकास अधिकारी शामिल हैं।