Edited By Mansa Devi,Updated: 15 Sep, 2025 12:02 PM

मुंबई में मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलजमाव के कारण ट्रैफिक और लोकल ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई...
नेशनल डेस्क: मुंबई में मानसून ने एक बार फिर अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलजमाव के कारण ट्रैफिक और लोकल ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं।
सड़कों पर पानी, ट्रैफिक जाम की स्थिति
सोमवार सुबह से ही मुंबई के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलजमाव की खबरें आ रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में किंग्स सर्कल, हिंदमाता, कुर्ला और दादर जैसे इलाकों की सड़कें पानी में डूबी हुई नजर आ रही हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने भी अंधेरी सबवे में पानी भरने की जानकारी दी है और वाहनों को गोखले ब्रिज की तरफ डायवर्ट किया है, ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो।
लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी बारिश का असर पड़ा है।
➤ मध्य रेलवे की ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं।
➤ हार्बर लाइन पर सेवाएं 10 से 15 मिनट लेट हैं।
➤ कुर्ला और माटुंगा-दादर के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेनों की आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
➤ हालांकि, पश्चिम रेलवे की सेवाएं फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं।
आईएमडी का येलो अलर्ट और प्रशासन की तैयारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और उपनगरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई थी। हालांकि, रात भर हुई तेज बारिश ने पूर्वानुमान से ज्यादा असर दिखाया है।